मंगलवार, 30 जुलाई 2019

पंजाब के बाद राजस्थान से उठी प्रियंका को अध्यक्ष बनाने की मांग

खबर - प्रशांत गौड़ 

प्रियंका गांधी में दिखा रहा कांग्रेस का भविष्य
-कांग्रेस में नए अध्यक्ष को लेकर बयानबाजी हुई तेज
जयपुर ।  कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद से राहुल गांधी की ओर से इस्तीफा दिए जाने के बाद तरह -तरह की अटकले लगातार सामने आती रही। कभी कार्यकारी अध्यक्ष की बात सामने आई तो इसके साथ चार सहयोग अध्यक्षों की भी बात चली हालांकि राहुल गांधी के बिना कांग्रेस के सभी वरिष्ठ नेता पार्टी का भविष्य और किसी हाथ में उतना सुरक्षित नहीं मान रहे है। यही कारण रहा है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष में कई वरिष्ठ नामों पर चर्चा सामने आती रही जिनमें प्रदेश के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का नाम प्रमुखता से चला हालांकि इन सबके बीच प्रियंका गांधी को कमान सौंपने की जोरदार मांग हर बार होती रही लेकिन राहुल गांधी की सहमति न होने के कारण इस पर फैसला नहीं हो पाया। 
अभी हाल में ही पंजाब के सीएम अमरिंदर सिंह व शत्रुघन सिन्हा के बाद अब प्रदेश कांग्रेस के दो विधायकों ने प्रियंका गांधी को पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाने की पैरवी की है। 
चौधरी को प्रियंका में दिखी इन्द्रिरा की झलक 
मंगलवार को बजट सत्र के दौरान नांवा नागौर से कांग्रेस विधायक व उप सचेतक महेन्द्र चौधरी ने मीडिया को बयान दिया है कि गांधी परिवार ने कांग्रेस को बहुत कुछ दिया है इस लिए कांग्रेस पार्टी का अलगा अध्यक्ष इसी परिवार से बने। उन्होने अलग-अलग रूप से दिए बयान में कहां कि प्रियंका गांधी में इंदिरा गांधी की झलक दिखती है। प्रियंका गांधी ही कांग्रेस पार्टी को मजबूती दे सकती है। इस लिए जल्द से जल्द प्रियंका गांधी को कांग्रेस की कमान संभालनी चाहिए। वहीं चाकसू विधायक वेदप्रकाश सोलंकी ने भी ऐसी मांग की है। 
कार्यकर्ताओं सहित पदाधिकारी भी करते आए है मांग 
राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कई पदाधिकारी खुलकर प्रियंका गांधी को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाने की मांग करते आए है। कार्यकर्ताओं का मानना है कि प्रियंका गांधी कांग्रेस को इन परिस्थितियों में सक्षम नेतृत्व दे सकती है जब देश में नरेन्द्र मोदी को रोक पाना किसी भी दल के लिए मुश्किल है। प्रियंका की लोगो में आसानी से घुलमिल जाने की क्षमता और हर कार्यकर्ता से मिलने और उनकी मन की बात सुनने की उनकी कला के कारण कार्यकर्ताओं को उनके अंदर कांग्रेस का स्वर्णिम भविष्य दिखता है। 
प्रियंका गांधी ही दे सकती है कांग्रेस को मजबूती
जिला कांग्रेस कमेटी की पूर्व वर्किंग कमेटी की मेंबर और वरिष्ठ कांग्रेसी नेता नीलम गौड़ ने मांग की है कि देश में अब कांग्रेस को नए सिरे से खड़ा कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ही कर सकती है। ऐसे में उनको राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाकर युवाओं और महिलाओं में एक बड़ा मैसेज दिया जा सकता है। उन्होंने बताया कि प्रियंका गांधी को लेकर हर कार्यकर्ता की भावना जुड़ी है कि वह राष्ट्रीय अध्यक्ष का पदभार संभाले। नीलम गौड़ ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने कांग्रेस को दृढ़ता से मजबूत किया है। इस बार का चुनाव  धर्मनिरपेक्ष दलों ने भाजपा के भ्रमित करने वाले राष्ट्रवादी नारो और तिकड़मबाजी से हारा है। 
यूपी घटनाक्रम के बाद प्रियंका का बढ़ा क्रेज  
अभी हाल में यूपी में नरसंहार का मामला सामने आने के बाद जिस तरह से प्रियंका गांधी को रोककर उनको हिरासत में लिया गया। उसके बाद देशभर में कांग्रेस ने उनके समर्थन में बड़ा धरना-प्रदर्शन दिया। इसके बाद कार्यकर्ताओं की मांग तेजी से उठी कि कांग्रेस को बचाना है तो प्रियंका को लाना है। बिहार, पंजाब व एमपी,छतीसगढ़, यूपी  से लगातार मांग सामने आई है।  मंगलवार को कांग्रेस विधायकों द्वारा दिए इस बयान के बाद प्रदेश कांग्रेस के कई नेता कई मायने निकाल रहे है। 

Share This