जयपुर, 11 अक्टूबर। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेशाध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा की मौजूदगी में रविवार को जयपुर स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में कोटपूतली सहित विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के भाजपा पदाधिकारियों
और सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। प्रदेशाध्यक्ष डोटासरा ने सभी नवागंतुकों को दुपट्टा पहनाकर कांग्रेस परिवार में स्वागत किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर डोटासरा ने नव शामिल पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से कांग्रेस पार्टी को मजबूत बनाने के लिए सक्रिय रूप से कार्य करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में कोटपूतली प्रभारी डॉ. राजपाल शर्मा, कोटपूतली-बहरोड़ के जिलाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक इन्द्राज गुर्जर सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
भाजपा पर डोटासरा का हमला, वोट चोरी का लगाया आरोप
मीडिया को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा ने सभी प्रदेशवासियों को शारदीय नवरात्र के प्रारंभ होने की बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में वरिष्ठ नेताओं की सहमति से बड़ी संख्या में भाजपा से जुड़े नेताओं और कार्यकर्ताओं को कांग्रेस में शामिल किया गया है। इससे कांग्रेस परिवार का विस्तार हुआ है और पार्टी को मजबूती मिलेगी।
डोटासरा ने भाजपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि भाजपा पूरे देश में वोट चोरी करके सत्ता पर काबिज हो रही है। उन्होंने कहा कि आम नागरिक इसका विरोध कर रहे हैं। राजस्थान में भी भाजपा सरकार पर जनमत लूटने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए कांग्रेस के साथ खड़ी है।
पुलिस जांच के आदेश का किया स्वागत
प्रदेशाध्यक्ष डोटासरा ने कहा कि मीडिया के माध्यम से जानकारी मिली है कि कांग्रेस पार्टी की ओर से दिए गए ज्ञापन पर संज्ञान लेते हुए पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) ने विजिलेंस से जांच कराने के आदेश दिए हैं। उन्होंने इस कदम का स्वागत किया।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के साथ मिलकर कुछ अधिकारी कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के विरुद्ध असंवैधानिक कार्रवाई कर रहे हैं। डोटासरा ने कहा कि कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता ऐसे अधिकारियों की सूची तैयार कर रहे हैं, जो भाजपा के इशारे पर जनविरोधी कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर ऐसे अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी और उन्हें बख्शा नहीं जाएगा।
पंचायत चुनाव में कांग्रेस की जीत का दावा
डोटासरा ने आगामी पंचायत चुनावों को लेकर विश्वास जताया कि कांग्रेस पार्टी जनता के आशीर्वाद से भारी बहुमत के साथ विजय हासिल करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता पूरी मजबूती के साथ जनता के बीच जाकर पार्टी की नीतियों और विचारधारा को पहुंचाने का काम करेंगे।
भाजपा से जुड़े नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के कांग्रेस में शामिल होने को पार्टी के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व को उम्मीद है कि नए सदस्यों के जुड़ने से संगठन को मजबूती मिलेगी और आगामी पंचायत चुनावों में पार्टी को इसका लाभ मिलेगा।
.jpeg)


.jpeg)