Malpura Police News: पुष्कर से रणथंभौर जाते समय गुम हुआ था बेल्ट पर्स, मालपुरा पुलिस और DST टीम ने दो दिन में बरामद किए पासपोर्ट, 4 क्रेडिट कार्ड, नकदी और महत्वपूर्ण दस्तावेज

पुष्कर से रणथंभौर जाते समय गुम हुआ था कीमती सामान
पुलिस के अनुसार, इजरायली युवती मोशाइफ नोइम (MOSHAIOF NOAM) 19 अक्टूबर को अपने दोस्तों के साथ भारत भ्रमण पर थी। वह पुष्कर से मोटर बाइक के जरिए रणथंभौर सफारी के लिए रवाना हुई थी। यात्रा के दौरान वह टोंक जिले के मालपुरा क्षेत्र से होकर गुजर रही थी।
इसी दौरान युवती की कमर पर बंधा बेल्ट पर्स कहीं रास्ते में गिर गया। जब वे उनियारा के पास पहुंचे और युवती ने अपना पर्स चेक किया, तो वह गायब मिला। पर्स में पासपोर्ट और अन्य जरूरी दस्तावेजों के साथ नकदी तथा क्रेडिट कार्ड भी थे। काफी तलाश करने के बाद भी जब पर्स नहीं मिला, तो युवती अपने दोस्तों के साथ पुलिस थाना मालपुरा पहुंची और शिकायत दर्ज करवाई।
मालपुरा पुलिस और DST ने तुरंत शुरू की तलाश
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। पुलिस अधीक्षक, जिला टोंक रोशन मीणा के निर्देशन में थानाधिकारी मालपुरा चैनाराम बेडा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय आसूचना के आधार पर खोए हुए सामान की तलाश शुरू की।
पुलिस टीम ने संभावित मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाई। साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर पर्स के संबंध में सुराग तलाशे गए।
मुमाणा गांव से मिला अहम सुराग, सात व्यक्तियों से पूछताछ
लगातार प्रयासों के दौरान पुलिस टीम को गुम हुए सामान के ग्राम मुमाणा, थाना पीपलू, जिला टोंक में होने की सूचना मिली। इसके बाद टीम ने गांव में जानकारी जुटाई और 19 अक्टूबर को मालपुरा से मुमाणा आने-जाने वाले लोगों के बारे में पड़ताल की।
इस दौरान सात व्यक्तियों के गांव आने की जानकारी सामने आई। पुलिस ने सभी से पूछताछ कर आवश्यक समझाइश की। जांच के परिणामस्वरूप युवती का खोया हुआ बेल्ट पर्स बरामद कर लिया गया।
पासपोर्ट, चार क्रेडिट कार्ड और 20 हजार रुपये सहित पूरा सामान सुरक्षित
पुलिस ने इजरायली युवती का पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, चारों क्रेडिट कार्ड, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स, 20 हजार रुपये नकद और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए। इसके बाद युवती को सामान मिलने की सूचना दी गई।
गुरुवार, 22 अक्टूबर को बरामद किया गया पूरा सामान युवती को सुरक्षित सुपुर्द कर दिया गया। विदेश यात्रा के दौरान पासपोर्ट और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज खो जाने से होने वाली परेशानी के बीच पुलिस की इस कार्रवाई से युवती को बड़ी राहत मिली।
इजरायली युवती ने वीडियो जारी कर राजस्थान पुलिस को कहा धन्यवाद
महज दो दिनों में अपना पूरा सामान सही-सलामत वापस मिलने पर मोशाइफ नोइम ने राजस्थान पुलिस की त्वरित कार्रवाई और सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। युवती ने वीडियो जारी कर पुलिस को धन्यवाद दिया।
इस कार्रवाई में DST मालपुरा के एएसआई नारायण लाल शर्मा और हेड कांस्टेबल रामराज की विशेष भूमिका रही।
राजस्थान पुलिस की इस कार्रवाई ने एक बार फिर साबित किया कि समय पर की गई पुलिस सहायता किसी भी नागरिक या विदेशी पर्यटक के लिए बड़ी राहत बन सकती है। विदेशी पर्यटकों के प्रति सहयोग और संवेदनशीलता से प्रदेश में सुरक्षित पर्यटन की छवि को भी मजबूती मिलती है।