खबर -  जीतेन्द्र सिंह राजावत 
जयपुर- प्रदेश भाजपा की अनुशासन समिति की बैठक रविवार को रामनारायण डूडी की अध्यक्षता में हुई। बैठक में गत विधानसभा चुनावों के दौरान मिली शिकायतों की जांच कर उन पर अंतिम निर्णय किया गया। इसमें प्रदेश में विभिन्न स्थानों से 12 जनों को पार्टी से निष्कासित किया गया वहीं पार्टी से निष्कासित चल रहे 12 जनों को बहाल भी कर दिया।
प्रदेश अनुशासन समिति के मदनलाल सैनी ने बताया कि बैठक में विधानसभा चुनावों के दौरान मिली शिकायतों पर निर्णय किया गया है। इसमें से 281 शिकायतों को कार्रवाई के लायक नहीं मानते हुए शिकायतों को निरस्त किया गया है और 50 जनों को दुबारा नोटिस जारी किए गए हैं। इसके साथ ही भरतपुर, गंगानगर, अलवर व झुंझुनूं जिलों से निष्कासित चल रहे 8 जनों को पार्टी में बहाल कर दिया गया है। इसके अलावा पार्टी से निलबित चल रहे एक सदस्य को भी दुबारा नोटिस जारी कर अपना पक्ष रखने के लिए कहा गया है।
उल्लेखनीय है कि एक सप्ताह में ही प्रदेश अनुशासन समिति की यह दूसरी बैठक आयोजित की गई है। इसमें विधानसभा, लोकसभा, निकाय और पंचायत चुनावों के दौरान मिली शिकायतों को जल्द से जल्द निपटाने का कार्य किया जा रहा है। सूत्रों का कहना है कि राष्टï्रीय अनुशासन समिति की अगले माह बैठक होनी है और उस बैठक में प्रदेश अनुशासन समिति पूरी रिपोर्ट सौंपेगी। इसके चलते पुराने मामले जल्दी जल्दी निपटाए जा रहें हैं।