जयपुर। जयपुर के सहकार मार्ग स्थित भोजपुरा कच्ची बस्ती के निवासियों की प्रदेश कांग्रेस कमेटी की उपाध्यक्ष एवं मीडिया सेंटर चेयरपर्सन डॉ. अर्चना की अध्यक्षता में आज बैठक आयोजित हुई। बैठक को सम्बोधित करते हुए डॉ. अर्चना शर्मा ने बताया कि कच्ची झोपड़ी बनाकर रह रहे लोगों को सडक़ सीमा में अतिक्रमण के बाबत् जयपुर विकास प्राधिकरण द्वारा नोटिस 1982 धारा 72 के तहत् दिनांक 29.09.2014 को दिये। दिनांक 07 जनवरी, 2015 को भोजपुरा कच्ची बस्ती के 76 परिवारों ने जयपुर विकास प्राधिकरण में आपत्ति दर्ज करवाई एवं  गैर सर्वे के 19 परिवारों ने विकल्प पत्र भरे। जिसक अन्तर्गत केन्द्र सरकार की बीएसयूपी आवास योजना के तहत् भोजपुरा कच्ची बस्ती के 95 परिवारों को जयसिंहपुरा, अजमेर रोड़ एवं जयसिंहपुरा खोर, दिल्ली रोड़ पर पुनर्वास करने के लिए जयपुर विकास प्राधिकरण में वैकल्पिक पत्र भरे।
उन्होंने बताया कि भोजपुरा कच्ची बस्ती में दिनांक 15 मई, 2015 को बिना किसी सूचना के झोपडिय़ों को मय सामान के जयपुर विकास प्राधिकरण ने ध्वस्त किया। जिसमें स्थानीय लोगों को चोट लगी है तथा सामान भी नष्ट हो गया है। डॉ. शर्मा ने बताया कि भोजपुरा कच्ची बस्ती में जो 95 परिवारों के निर्माण ध्वस्त किए गए है उन्हें तेज धूप में भी खुले आसमान के नीचे रहना पड़ रहा है और उन्हें पीने के पानी की भी समस्या का सामना करना पड़ रहा है। डॉ. शर्मा ने जयपुर विकास प्राधिकरण से माँग की है कि जब तक भोजपुरा कच्ची बस्ती के पीडि़तों को मुआवजा एवं पुनर्वास नहीं किया जाता है तब तक प्राधिकरण द्वारा इन परिवारों के लिए टैण्ट व पानी तथा खाने-पीने के सामान की व्यवस्था की जाए। उन्होंने बैठक में पीडि़तों को आश्वस्त किया कि जयपुर विकास प्राधिकरण द्वारा दिनांक 21 मई, 2015 तक पुनर्वास करने का वादा किया गया है और यदि प्राधिकरण द्वारा उक्त दिनांक तक पुनर्वास नहीं किया जाता है तो प्रदेश कांग्रेस कमेटी की उपाध्यक्ष एवं मीडिया सेंटर चेयरपर्सन डॉ. अर्चना शर्मा के नेतृत्व में जयपुर विकास प्राधिकरण के विरूद्ध धरना व प्रदर्शन कर अपनी माँग रखी जाएगी।