खबर - राजेश वैष्णव
शादी के समारोह में ५१ यूनिट किया रक्तदान, प्लास्टिक मुक्त हुआ समारोह
दांतारामगढ़।
सीकर जिले का दांता कस्बा एक बार फिर सुर्खियों मे आ गया। दांता में हुए
शादी समारोह में एक नहीं बल्कि अनेक अनूठी पहल कर शादी को सामाजिक सरोकारों
से जोड़ते हुए ५१ यूनिट रक्तदान किया गया। इतना ही नहीं शादी का यह समारोह
पूर्णतया प्लास्टिक मुक्त रहा। इस अनूठी शादी में विधायक नारायणसिंह सहित
अनेक जनप्रिनिधि शामिल हुए।
रक्तदान के
साथ अनूठा शादी समारोह दांता के कुमावत परिवार में मंगलवार को हुआ। दांता
के भंवरलाल सिरस्वा के पौत्र एवं यादराम कुमावत के पुत्र सोनू आठ दिसम्बर
को ड्योढ़ी कोठी (जोबनेर) निवासी हनुमान सहाय किरोड़ीवाल की पुत्री किरण के
संग सात फेरों के बंधन में बंधेगा तो आठवा फेरा वह रक्तदान का लेगा।
दुल्हे सोनू की सामाजिक भागीदारी को मूर्त रूप देनें के लिए परिवार जनों ने
सोनू के सगाई समारोह में ही रक्तदान शिविर का आयोजन रख लिया। मंगलवार को
पहले रक्तदान फिर सगाई की रस्मे हुई और शादी समारोह का आगाज ५१ यूनिट
रक्तदान से हुआ। समारोह में करीब आठ हजार लोगो के स्नेह भोज के साथ दांता
के गोविन्दम मैरिज गार्डन में समारोह में बकायदा रक्तदान शिविर आयोजित किया
गया। शिविर संयोजक राजेन्द्र कुमावत ने बताया कि रक्तदान शिविर आर.जे.
ब्लड हैल्पलाईन के सहयोग से आयोजित किया गया जिसमें मैकिंग गोल्डन विलेज के
कार्यकर्ताओं का सहयोग भी रहा । शिविर में शादी वाले परिवार के साथ ही
उनके रिश्तेदारों व मित्रों ने रक्तदान किया। शादी वाले परिवार की ओर से
रक्तदाताओं को गर्म शॉल ओढ़ाकर उनका सम्मान किया गया। दुल्हे के पिता
यादराम कुमावत ने बताया कि आमजन में जागरूकता पैदा करनें के लिए शादी के
मौके पर रक्तदान शिविर का यह आयोजन रखा गया है।
प्लास्टिक मुक्त रहा समारोह
अनूठी पहल के साथ करीब आठ हजार लोगों के स्नेहभाज में प्लास्टिक के कप
गिलास काम में नहीं लेकर पूरा समारोह प्लास्टिक मुक्त रखा गया। पानी के लिए
ताम्बे के लोटे व स्टील के गिलाश, दूध व ज्यूस के लिए कांच व मिट्टी के
गिलाश, चाय काँफी के लिए कप तथा अन्य पात्र भी कागज व क्रोकरी के काम लिए
गए। समारोह में रक्तदान महादान, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, पेड लगाओ, पर्यावरण
बचाओ तथा पानी बचाओ आदि के प्रचार प्रसार भी स्लोगन के माध्यम से किया
गया।
