लौटी रौनक, पब्लिक में मुस्कान
जैसलमेर। स्वर्णनगरी में आखिरकार इन्द्रदेव मेहरबान हुए। शनिवार देर रात दो घंटे की तेज बारिश से शहर का विश्वविख्यात गड़ीसर सरोवर लबालब हो गया । पानी की आवक अब भी जारी है । इस मानसून की पहली अच्छी बारिश से भरे विश्वविख्यात गड़ीसर सरोवर को देखने शहर की जनता और पर्यटक सोमवार सुबह से देखने को लालायित हुए । तालाब की रौनक लौट आई है जो कि पिछले मार्च से गायब थी । बारिश से भरे गड़ीसर सरोवर को निखारने आई पब्लिक अचंभित हो उठी कि, कल तो यह खाली-खाली सा था और आज लबालब भरा हुआ गड़ीसर मन को रोमांचित कर रहा है । वहीं पंडित उमाशंकर व्यास ने एक मूल्यवान बात कह डाली कि, ‘पूत एक ही सपूत‘ जैसी बारिश हुई है हमारे शहर में । एक ही बारिश से विश्वविख्यात गड़ीसर सरोवर भर जाना इसी बात की पुष्टि करता है ।
विगत श्रावण मास को बूंदाबादी और वर्तमान में भादवा की उमस और बादलों की आवाजाही से मानसून सक्रिय था । कुछ गांवों अच्छी बारिश हुई लेकिन स्वर्णनगरी सहित कई गांव औसत बारिश को तरसने लगे लेकिन आखिरकार पूरे जिले में अच्छी बारिश होने की जानकारी मिली है । शनिवार देर रात दो घंटे की तेज बारिश से स्वर्णनगरी भी तरबतर हो गई । सडक़ों पर पानी घुटनों तक चलने लगा । बारिश का यह दौर रविवार सुबह 5 बजे तक जारी रहा, हालांकि रफतार कम हो गई थी फि र भी, जैसी बारिश का इंतजार था वैसी हो गई ।
शनिवार सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे और उमस बरकरार रही । शाम को एकबारगी मौसम साफ हो गया लेकिन फि र रात को करीब 10 बजे बिजली चमकने के साथ बादलों की आवक शुरू हुई और अन्तत: देर रात 1 बजे तेज बारिश शुरू हुई जो रविवार सुबह ५ बजे तक जारी रही। जोरदार बारिश से गलियो में पानी भर गया और गड़ीसर तालाब लबालब हो गया।
गड़ीसर पर चली चादर
स्वर्णनगरी सहित जिले के ग्रामीण क्षेत्रो में शनिवार को जोरदार बारिश हुई। बारिश से विश्वविख्यात गड़ीसर तालाब में पानी की आवक होने से पानी की चादर चल गई। गड़ीसर तालाब में पानी की आवक देखने के लिए लोगों की भीड़ लगी रही।
किसानों के चेहरों पर रौनक लौटी
पिछली बारिश में खेतों में मेहनत और पैसा लगाए किसान मुरझाई फ सलों से चिन्तित होने लगे थे । उनको अभी और बारिश की आवश्यकता थी । हालांकि बारिश के लिए बना अनुकूल वातावरण उम्मीद की किरण अवष्य दिखा रहा था लेकिन पर्याप्त बारिश के अभाव में मुरझाती फ सलों से चिन्ता की लकीरें किसानों के चेहरों पर अवश्य पढ़ी जा सकती थी । लेकिन अन्तत: उनकी मेहनत को इन्द्र देवता ने माना और मेहरबान हुए । शनिवार को हुई बारिश से किसानों के चहेरे खिल उठे हैं । किसानों को उम्मीद है कि अब फ सलों से बेहतर उपज मिल सकेगी ।
