Breaking News

6/recent/ticker-posts

Header Ads Widget

किसी काम के नहीं हैं ये दर्शनीय पुतले - डॉ. दीपक आचार्य

लोगाें की भारी भीड़ सब जगह अफरा-तफरी मचा रही है। हर क्षेत्र में लोगों की एक तरह की अजीब किस्म है जो कि अपने आपको बहुत बड़ी, महान और लोक प्रतिष्ठ मानती और मनवाती है लेकिन इनमें से कुछ बिरलों को छोड़ कर अधिकांश के बारे मेंं साफ-साफ कहा जाता है कि ये किसी काम के नहीं, केवल दर्शनीय ही हैं।

पाषाण और धातुओं से लेकर मोम और पीओपी तक की मूर्तियों के बारे में तो परंपरा से श्रद्धा और विश्वास रहा है कि इनके प्रति श्रद्धा व्यक्त करने वालों की कामनाओं की पूर्ति करते हैं और आत्मविश्वास में बढ़ोतरी करते हैं।

लेकिन लोगों के बीच रहने वाली और अपने आपको सर्वोपरि मानने वाली इस प्रजाति के जीवों के बारे में आम धारणा यही होती है कि ये किसी काम के नहीं। न इनमें किसी के काम आने का माद्दा है, न ये किसी के काम आने वाले हैं।

इस मायने में ये लोग खेतों में लगे बिजूकों, दुकानों में रखे आदमकद मॉडल्स या घरों में बच्चों के खिलौनों के रूप में शो केस में सजे जानवरों और मुखौटों अथवा टेडीबियर से कम नहीं हैं।

ये केवल दर्शनीय हो सकते हैं, काम के लायक कभी नहीं। चाहे वे कितने बड़े और आलीशान भवनों में काँच की इम्पोर्टेड आल्मारियों में सजे-धजे रखे हों, चकाचौंध भरे आलियों और कोनों में सलीके से रखे हुए हों या फिर ऊँची अटारियों, दुकानाें  के बाहर रखे हों या फिर कहीं किसी के ड्राईंग रूम में।

ये सारे के सारे दर्शनीय ही हैं और जब तक जीते हैं वैसे ही रहने वाले हैं। बेचारे भोले-भाले और साफ दिल के लोग इनकी चिकनी-चुपड़ी बातों में आ जाते हैं और इस कारण से इनके बारे में यह भ्रम पाल लिया करते हैं कि ये लोग किसी न किसी तरह उनके काम आने वाले हैं इसलिए इनकी जी हुजूरी और आवभगत में कोई कमी नहीं रहने देना चाहते।

अधिकांश लोगों की जिन्दगी मेंं इसी तरह के भ्रम जिन्दगी भर चलते रहते हैं और मरते दम तक लोग भ्रम में रहते हैं। देह त्याग करने के बाद लोगों को इस बात का पछतावा होता है कि जिन बड़े कहे जाने वालों से लोग अपेक्षाएं रखते हैं, उनमें से चन्द लोगों को छोड़ दिया जाए तो शेष सारे लफ्फाजी ही निकलते हैं।

आजकल सब तरफ आदमियों से कहीं अधिक ये दर्शनीय पुतले ही नज़र आते हैं। जिधर नज़र जाती है उधर दूर-दूर तक पुतलों का माया संसार दृष्टिगोचर होता है। लगता है कि जैसे हम सभी लोग पुतलों के संसार में रहते हुए खुद आश्चर्य में डूबे हैं कि आखिर कहाँ आ गए हैं।

यों भी आजकल आदमी खुद की प्रतिभाओं, ज्ञान और हुनर से बेखबर होकर अपने से कई गुना अधिक आदर-सम्मान और तवज्जो चाहता है। हर कोई अपने को बड़ा और शहंशाह मानता हुआ यही चाहता है कि लोग भी उसे उसी रूप में आदर-सम्मान से नवाजते रहें।

इलाका चाहे अपना हो या देश-दुनिया का कोई सा कोना, हर तरफ दर्शनीयों का मेला लगा हुआ रहने लगा है। कोई भी अपने अन्तर्मन या अपने चरित्र को जानना और सुधारना नहीं चाहता।

सभी कि अंतिम समय तक यही इच्छा बनी रहती है कि वे हमेशा सौंदर्यशाली और अन्यतम दिखें और अपने आपको इस कदर बनाए रखें कि आम लोग इन्हें जीवन पर्यन्त दर्शनीय ही मानते रहें।

बहुत से लोग हैं जो मलीन मन वाले और जमाने भर की कालिख के कतरों को दिमाग में सहेजे हुए हैं लेकिन दर्शनीय होने के मामले में कहीं पीछे नहीं।

एक बात साफ-साफ मान लेनी चाहिए कि जो दर्शनीय है वह केवल दर्शनीय है, किसी काम का नहीं। उसे प्रदर्शित होने का शौक होता है इसलिए चाहे जहां उसकी मौजूदगी स्वतः स्वाभाविक रूप से दिख जाती है।

दर्शनीयों के जीवन, व्यवहार और चरित्र के प्रति भोले और अनजान न बने रहें, इन्हें जानें और इस भ्रम को हमेशा-हमेशा के लिए निकाल दें कि ये दर्शनीय किसी काम के भी हो सकते हैं। ये केवल दर्शनीय हैं और दर्शनीय ही रहेंगे। और जो केवल दर्शनीय हैं वे हमारे लिए दुनिया के सबसे बड़े नाकारा, खुदगर्ज और स्वार्थी हैं। वर्तमान का यही चरम सत्य है।