Breaking News

6/recent/ticker-posts

Header Ads Widget

राजगढ़ में शीघ्र होगा महाविद्यालय का निर्माण- किरण माहेश्वरी

जयपुर/ राजगढ़ । उच्च शिक्षा मंत्री  किरण माहेश्वरी ने मंगलवार को विधानसभा में कहा कि राजगढ़ विधानसभा क्षेत्र में भूमि आवंटन के शीघ्र बाद महाविद्यालय का निर्माण कार्य शुरू कर दिया जायेगा। इस सम्बन्ध में विभाग द्वारा राजस्व विभाग को प्रस्ताव भी भिजवा दिया गया है। माहेश्वरी ने शून्यकाल में इस सम्बन्ध में उठाये गये मुद्दे पर हस्तक्षेप करते हुए बताया कि राजगढ़ क्षेत्र में 2013-14 से राजकीय महाविद्यालय का शैक्षणिक सत्र राजकीय उच्च विद्यालय में अस्थायी परिसर के रूप में संचालित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा 2 मार्च, 2016 को पूर्व में राजस्व विभाग को इस क्षेत्र में महाविद्यालय के लिए 8 हजार वर्ग फीट भूमि आवंटन करने के लिए प्रस्ताव भेजा गया था। यूजीसी के नियमों के अनुसार महाविद्यालय के लिए 20 हजार 235 वर्ग फीट भूमि होना आवश्यक है ऎसे में विभाग को प्रस्ताव वापस भेज दिया गया। उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा इस सम्बन्ध में राजस्व विभाग को पुनः 8 दिसम्बर, 2016 को महाविद्यालय के लिए जमीन आवंटन का संशोधित प्रस्ताव भेजा गया है जिस पर कार्यवाही चल रही है। उन्होंने आश्वस्त किया कि जैसे ही भूमि का आवंटन होगा वहां महाविद्यालय निर्माण का कार्य शुरू कर दिया जायेगा।