Breaking News

6/recent/ticker-posts

Header Ads Widget

चलती ट्रेन से 3 करोड़ का गोल्ड चोरी प्रकरण का खुलासा: नवलगढ़ की जोहड़ी में गाड़े गए करीब 2 करोड़ रुपये मूल्य के सोने के आभूषण बरामद



हरियाणा पुलिस एसआईटी और नवलगढ़ पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, 3 आरोपी गिरफ्तार

जयपुर 13 जुलाई। राजस्थान की झुंझुनू जिला पुलिस और हरियाणा पुलिस की विशेष अनुसंधान टीम (एसआईटी) ने एक बेहद चुनौतीपूर्ण अंतर्राज्यीय मामले में बड़ी कामयाबी हासिल की है। चलती ट्रेन से 3 करोड़ रुपये के सोने के जेवरात चोरी होने की सनसनीखेज वारदात का खुलासा करते हुए दोनों राज्यों की पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई में नवलगढ़ इलाके से तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर जमीन में गाड़कर छिपाया गया करीब 2 करोड़ रुपये मूल्य का भारी मात्रा में सोना बरामद कर लिया है।

     ​झुंझुनू जिला पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर ने हरियाणा में घटित इस संवेदनशील और बड़ी चोरी की वारदात को गंभीरता से लेते हुए नवलगढ़ पुलिस को त्वरित कार्रवाई और आरोपियों की धरपकड़ के विशेष निर्देश दिए थे। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन और वृताधिकारी नवलगढ़ सुगन सिंह के सुपरविजन में नवलगढ़ थानाधिकारी श्री अजय सिंह ने हरियाणा पुलिस की एसआईटी के साथ मिलकर इस बड़े ऑपरेशन को अंजाम दिया।

पानी की बोतल लेने उतरा कर्मचारी, पीछे से गायब हुआ 3 करोड़ का बैग 

​जानकारी के अनुसार यह पूरी वारदात बीते 10 जून 2026 को घटित हुई थी। करौली जिले के बड़ागांव निवासी नरेंद्र सिंह गुर्जर भटिंडा की एक प्राइवेट लॉजिस्टिक फर्म में सोने के गहनों की डिलीवरी का काम करता है। वह दिल्ली से करीब 3 करोड़ रुपये मूल्य के सोने के गहनों से भरा बैग लेकर दिल्ली-भटिंडा ट्रेन से रवाना हुआ था। सफर के दौरान जब ट्रेन हरियाणा के जाखल स्टेशन पर रुकी, तो नरेंद्र पानी की बोतल लेने के लिए नीचे उतरा। इसी दौरान पीछे से घात लगाए बैठे अज्ञात चोरों ने उसकी सीट पर रखा गहनों से भरा बैग पार कर दिया। वापस लौटने पर जब बैग गायब मिला। इस संबंध में जीआरपी थाना जींद (हरियाणा) में चोरी की गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच के लिए विशेष एसआईटी का गठन किया गया था।

जोहड़ी से निकला 2 करोड़ का सोना 

​मामले की तकनीकी और जमीनी कड़ियों को जोड़ते हुए हरियाणा पुलिस की एसआईटी 7 जुलाई और 10 जुलाई 2026 को नवलगढ़ थाने पहुंची। इसके बाद नवलगढ़ थाना पुलिस ने स्थानीय स्तर पर सूचनाएं पुख्ता कीं और दोनों राज्यों की पुलिस ने एक संयुक्त रणनीति बनाकर नवलगढ़ की डेरावाली ढाणी में ताबड़तोड़ दबिश दी। पुलिस टीमों ने घेराबंदी कर वहां छिपे तीनों आरोपियों को दबोच लिया। जब आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ की गई, तो उन्होंने चोरी की बात कबूलते हुए जेवरात को एक जोहड़ी में जमीन के अंदर गाड़कर छिपाने की जानकारी दी। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर खुदाई करवाकर 2 करोड़ रुपये मूल्य का चोरी का सोना सकुशल बरामद कर लिया।

​    ​इस बड़ी वारदात को अंजाम देने और माल को ठिकाने लगाने के आरोप में पुलिस ने झुंझुनू जिले के ही तीन युवकों को गिरफ्तार किया है, जिनकी पहचान ​ऋषभ पुत्र राजेंद्र व गोविंद पुत्र श्रवण निवासी डेरावाली ढाणी नवलगढ़ और ​बबलू निवासी नवलड़ी थाना नवलगढ़ (झुंझुनू) के रूप में हुई।