Nawalgarh News: पूर्व चिकित्सा मंत्री डॉ. राजकुमार शर्मा के जन्मदिन पर नवलगढ़ में विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। सेवाज्योति मोरारका अस्पताल परिसर में आयोजित इस शिविर में 1782 लोगों ने रक्तदान किया। युवाओं, महिलाओं और ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर मानवता और सेवा का संदेश दिया।
नवलगढ़ (झुंझुनूं)। जन्मदिन को यादगार बनाने के लिए आयोजित इस रक्तदान शिविर में सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक रक्त संग्रहण किया गया। युवा विकास मंच के बैनर तले आयोजित शिविर में बड़ी संख्या में रक्तदाताओं ने भाग लिया। शिविर में एकत्रित रक्त जरूरतमंद मरीजों के उपचार में उपयोगी होगा।
डॉ. राजकुमार शर्मा के जन्मदिन पर 1782 लोगों ने किया रक्तदान
युवा विकास मंच के कार्यकारी अध्यक्ष मिथुन सबल ने बताया कि शिविर में कुल 1782 लोगों ने स्वैच्छिक रक्तदान किया। नगरपालिका चेयरमैन माया रिछपाल सैनी और पालिका उपाध्यक्ष अदनान खत्री ने बताया कि रक्तदान शिविर को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।
पूर्व चिकित्सा मंत्री डॉ. राजकुमार शर्मा के भाई एवं कांग्रेस पार्टी के प्रदेश महासचिव डॉ. राजपाल शर्मा और उनके भतीजे डॉ. भारत भूषण शर्मा ने भी रक्तदान कर सामाजिक सरोकार की इस मुहिम में भागीदारी निभाई।
डॉ. शर्मा बोले- युवाओं के जोश ने रक्तदान शिविर को बनाया महोत्सव
डॉ. राजकुमार शर्मा ने रक्तदाताओं और आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि युवाओं के जोश ने रक्तदान शिविर को महोत्सव बना दिया। शिविर में एकत्रित रक्त जरूरतमंद और पीड़ित मरीजों के लिए जीवनदान का काम करेगा।
उन्होंने कहा कि इस विशाल रक्तदान शिविर से सीकर, नवलगढ़, जयपुर और झुंझुनूं क्षेत्र के मरीजों को रक्त की उपलब्धता में मदद मिलेगी। आमजन का अपार स्नेह और आशीर्वाद ही इस आयोजन की सफलता का आधार है।
जन्मदिन पर मांगा खास गिफ्ट, बोले- अफवाहों पर विश्वास न करें
जन्मदिन के मौके पर डॉ. राजकुमार शर्मा ने नवलगढ़ क्षेत्र के लोगों से एक खास बर्थडे गिफ्ट मांगा। उन्होंने अपील करते हुए कहा कि जो लोग अफवाहें फैलाने का काम करते हैं, उनकी बातों पर विश्वास नहीं करें। आम जनता को भ्रमित करने वाली बातों से सावधान रहें और किसी भी सूचना पर विश्वास करने से पहले उसकी सच्चाई जरूर जानें।
ग्रामीण महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर किया रक्तदान
रक्तदान शिविर में ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में महिलाएं पहुंचीं और रक्तदान किया। महिलाओं ने शिविर स्थल पर स्थानीय लोकगीत और मंगल गीत गाकर आयोजन को उत्सव का रूप दिया।
ब्लड बैंकों की टीमों ने सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक रक्त संग्रहण किया। डॉ. राजकुमार शर्मा, डॉ. राजपाल शर्मा, युवराज शर्मा सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने रक्तदाताओं का उत्साह बढ़ाया और शिविर के सफल आयोजन में सहयोग किया।
केक काटकर और साफा पहनाकर मनाया जन्मदिन
रक्तदान शिविर के दौरान कार्यकर्ताओं ने केक काटकर डॉ. राजकुमार शर्मा का जन्मदिन मनाया। उन्हें गदा-जेळी भेंटकर, साफा और फूलमालाएं पहनाकर सम्मानित किया गया। बड़ी संख्या में पहुंचे समर्थकों और कार्यकर्ताओं ने गुलदस्ते भेंट कर जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।
शिविर में रक्तदान करने वाले सभी लोगों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
1782 लोगों का स्वैच्छिक रक्तदान इस आयोजन की सबसे बड़ी उपलब्धि रही। जन्मदिन के अवसर पर आयोजित इस शिविर ने रक्तदान के महत्व और सामाजिक सहभागिता का संदेश दिया।
