हनुमान बेनीवाल के एक संदेश पर डॉ. राजकुमार शर्मा ने दिया बड़ा भरोसा, कांशीराम दूत के वार्ड में विकास की ली जिम्मेदारी
नवलगढ़ की सियासत में कांग्रेस और RLP के सहयोग की चर्चा तेज, डॉ. शर्मा बोले- कांशीराम का मान-सम्मान भी होगा और उनके वार्ड में विकास कार्य भी होंगे
नवलगढ़। राजस्थान की राजनीति में कांग्रेस और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के बीच स्थानीय स्तर पर बने सहयोग की तस्वीर नवलगढ़ में देखने को मिली। पूर्व चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री डॉ. राजकुमार शर्मा ने RLP सुप्रीमो एवं सांसद हनुमान बेनीवाल के प्रति आभार जताते हुए कांशीराम दूत के सहयोग को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने सार्वजनिक रूप से भरोसा दिलाया कि कांशीराम दूत ने अपने वार्ड की जनता से जो विकास संबंधी वादे किए हैं, उन्हें पूरा करवाने में वे पूरी मदद करेंगे।
डॉ. राजकुमार शर्मा ने कहा कि पंचायत चुनावों में कांग्रेस के पास पूर्ण बहुमत होने के बावजूद कांशीराम दूत ने सहयोग का जो निर्णय लिया, वह राजनीतिक सद्भाव और आपसी विश्वास का परिचायक है। उन्होंने कहा कि हनुमान बेनीवाल ने उनसे विशेष रूप से कहा था कि कांशीराम दूत ने अपने वार्ड के लोगों से जो वादे किए हैं, उन्हें पूरा करवाने की जिम्मेदारी निभाई जानी चाहिए।
इस पर डॉ. शर्मा ने भरोसा दिलाया कि कांशीराम दूत का सम्मान भी पूरी तरह रखा जाएगा और उनके वार्ड में जनता की जरूरत के अनुसार विकास कार्य भी प्राथमिकता से करवाए जाएंगे।
'कांशीराम का मान भी होगा, सम्मान भी होगा और काम भी होगा'
अपने संबोधन में डॉ. शर्मा ने कहा कि राजनीति में केवल समर्थन लेना ही महत्वपूर्ण नहीं है, बल्कि सहयोग करने वाले व्यक्ति के विश्वास और जनता के प्रति उसकी जिम्मेदारी का सम्मान करना भी जरूरी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांशीराम दूत ने जिस भरोसे के साथ सहयोग दिया है, उस भरोसे को टूटने नहीं दिया जाएगा।
हनुमान बेनीवाल के प्रति जताया आभार
पूर्व मंत्री ने सांसद हनुमान बेनीवाल को अपना बड़ा भाई बताते हुए कहा की हनुमान बेनीवाल ने जिस विश्वास के साथ सहयोग किया है, उसके लिए वे हृदय से आभारी हैं। आने वाले समय में भी जनहित के मुद्दों पर मिलकर आवाज उठाई जाएगी।
विकास की राजनीति को बताया प्राथमिकता
डॉ. शर्मा के इस बयान को नवलगढ़ की स्थानीय राजनीति में कार्यकर्ताओं के सम्मान और विकास कार्यों को प्राथमिकता देने के संदेश के रूप में देखा जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वार्ड में विकास कार्य करवाने के लिए राजनीतिक दल या चुनावी समीकरण बाधा नहीं बनेंगे। जनता से किए गए वादों को पूरा करना ही जनप्रतिनिधियों की असली जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि नवलगढ़ की राजनीति में आपसी सहयोग, सम्मान और जनसेवा की भावना बनी रहनी चाहिए। जनता ने जिस विश्वास के साथ जनप्रतिनिधियों को चुना है, उस विश्वास पर खरा उतरना सभी की जिम्मेदारी है।
