जयपुर। वित्त विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव डी बी गुप्ता अब प्रदेश के नए मुख्य सचिव होंगे। एन सी गोयल के सोमवार को रिटायर्ड होने के साथ सरकार ने प्रशासनिक टीम के नए मुखिया का चुनाव कर लिया है। डी बी गुप्ता विभिन्न प्रशासनिक अहम पदों पर रहने के साथ उनके गहरे अनुभव, प्रशासनिक निर्णयों और मिलनसारिता का लाभ अब सरकारी योजनाओं को तेज गति से आगे बढ़ाने में मिलेगा। गुप्ता 1983 बेंच के आईएएस अफसर है।
सोमवार देर शाम राज्य सरकार ने कई दिनों से चली आ रही संभावनाओं पर पटाक्षेप करते हुए इस अहम जिम्मेदारी के लिए सबसे योग्य डी बी गुप्ता को समझा। डी बी गुप्ता जयपुर विकास प्राधिकरण के आयुक्त रहने के साथ, यूडीएच के प्रमुख शासन सचिव, प्रमुख शासन सचिव पीडब्यूडी, हाउसिंग बोर्ड चैयरमैन का अतिरिक्त प्रभार के साथ प्रदेश के अहम पदों पर अपनी सेवाएं देते आए है। सोमवार को मुख्य सचिव पद से रिटायर्ड हुए एन सी गोयल सबसे कम समय के लिए मुख्य सचिव रहे। आजादी के बाद यह संभवत यह पहला मौका रहा जब किसी मुख्य सचिव का कार्यकाल सिर्फ चार महीने का रहा है। सोमवार को मुख्य सचिव निहालचंद गोयल को उनके स्टाफ और सचिवालय सेवा के अधिकारियों-कर्मचारियों ने विदाई दी। गोयल इसके बाद अशोक क्लब में एक शादी समारोह में भाग लेने के लिए रवाना हो गए।