शनिवार, 28 जुलाई 2018

‘‘राजस्थान गौरव यात्रा’’ की तैयारी हेतु सांसदों की बैठक

जयपुर। भाजपा प्रदेश कार्यालय, जयपुर में आज मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे जी की प्रस्तावित ‘‘राजस्थान गौरव यात्रा’’ को सफल बनाने हेतु भाजपा सांसदों की बैठक आयोजित हुई। बैठक में प्रदेशभर से आये हुए सभी सांसदों को भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन लाल सैनी, भाजपा के राष्ट्रीय सह-संगठन महामंत्री वी. सतीश, प्रदेश महामंत्री (संगठन) चन्द्रशेखर, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी ने सम्बोधित किया। बैठक को सम्बोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय सह-संगठन महामंत्री वी. सतीश ने कहा कि जनहित को सर्वोपरि मानकर काम कर रही भारतीय जनता पार्टी सरकार की रीतियों एवं नीतियों से समाज के अन्तिम छोर पर बैठे व्यक्ति को भी अवगत कराना हम सभी का दायित्व है। 
भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष मदन लाल सैनी ने कहा कि हमारे सभी सांसद मुख्यमंत्री  वसुन्धरा राजे जी की प्रस्तावित ‘‘राजस्थान गौरव यात्रा’’ को सफल बनाने के लिए अपने-अपने सम्भाग में यात्रा के आगमन से पूर्व अपने क्षेत्र की प्रत्येक विधानसभा में उप यात्रा निकालेंगे और इन यात्राओं के माध्यम से मुख्यमंत्री की ‘‘राजस्थान गौरव यात्रा’’ की पूरी जानकारी से क्षेत्र में रहने वाली जनता को अवगत करायेंगे। बैठक को सम्बोधित करते हुए भाजपा के प्रदेश महामंत्री (संगठन) चन्द्रशेखर ने कहा कि      केन्द्र सरकार एवं राज्य सरकार आम जनता के विकास हेतु अनवरत कार्य कर रही है। आज राजस्थान प्रदेश सरकार की विभिन्न जनहितकारी योजनाओं को पूरे देश में एक अभूतपूर्व मिसाल के रूप में सराहा जा रहा है। चन्द्रशेखर ने सभी सांसदों को निर्देश देते हुए कहा कि सभी सांसद अपने क्षेत्र की प्रत्येक विधानसभा में वहाँ के निवासियों को उप यात्रा के माध्यम से विकास की इस निरन्तर चल रही प्रक्रिया से जोड़ेंगे और मुख्यमंत्री की ‘‘राजस्थान गौरव यात्रा’’ के द्वारा आमजनता को राजस्थान सरकार के जनहितकारी कार्यों से अवगत करायेंगे तथा राजस्थान के गौरव को बरकरार रखने के लिए जनता से एक बार पुनः भाजपा की सरकार बनाने का आव्हान करेंगे।




Share This