रविवार, 25 नवंबर 2018

सूरजगढ़ विधानसभा शीट पर त्रिकोणीय संघर्ष के बनने लगे आसार

खबर -पवन शर्मा 
यादव समाज जन प्रतिनिधियों की बैठक के बाद बदले समीरकण 
सूरजगढ़ । जैसे जैसे विधानसभा चुनावों का समय नजदीक आते जा रहा वैसे वैसे ही सूरजगढ़ शीट पर राजनीती के समीकरण बदलते दिखाई देने लगे है। जब तक भाजपा ने यहां किसी प्रत्याशी को नहीं उतारा था तब तक यहॉँ से कांग्रेस के कद्दावर नेता पांच बार विधायक रहे श्रवण कुमार की इक तरफी जीत के आंकड़े नजर आ रहे थे। लेकिन जब भाजपा ने यहां से सूरजगढ़ पंचायत समिति के प्रधान शुभाष पूनिया को अपना प्रत्याशी बनाकर मैदान में उतारा तभी से क्षेत्र में भाजपा व कांग्रेस के बिच सीधी टक्कर आने लगी थी। अब विधानसभा के पचेरी में यादव समाज की हुई बैठक के बाद  यहां से राजनैतिक माहौल बदला नजर आया। यादव समाज की हुई इस बैठक में कांग्रेस व भाजपा संगठनों से जुड़े जनप्रतिनिधि मौजूद रहे जिन्होंने समाज को समर्थन देते हुए समाज के युवा चेहरे और बसपा से प्रत्याशी कर्मवीर यादव के साथ एक जाजम पर नजर आये। 

कांग्रेस को कम भाजपा को अधिक नुकसान 
पचेरी में हुई बैठक के बाद बसपा प्रत्याशी कर्मवीर यादव को यादव समाज से मिले समर्थन व साथ के बाद यहां बसपा की स्थिति अधिक मजबूत हुई है वही इससे कांग्रेस को कम और भाजपा को अधिक नुक्सान होता नजर आ रहा है। बैठक में यादव समाज के समर्थन में खड़े नजर आये अधिकतर जन प्रतिनिधि भाजपा संगठन से जुड़े हुए है। 

भाजपा प्रत्याशी पर अनदेखी के आरोप       
यादव समाज के जनप्रतिनिधियों ने सूरजगढ़ से चुनाव लड़ रहे अपने ही प्रत्याशी शुभाष पूनिया पर तंज कसते हुए उन पर उपेक्षा करने की आरोप भी लगाए। बुहाना पंचायत समिति की प्रधान कविता यादव के पति और पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष कृष्ण यादव खांदवा ने कहा की यहां से भाजपा प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ रहे उम्मीदवार क्षेत्र के मूल भाजपाइयों की उपेक्षा कर कांग्रेस की बी टीम को साथ लेकर चुनाव लड़ रहे है। इनसे उनको कोई फायदा तो नहीं मिल रहा है लेकिन यहां से भाजपा की नींव जरूर कमजोर हो रही है। कृष्ण यादव ने कहा की उपेक्षा से आहत होकर उनके साथ ही क्षेत्र के अन्य जनप्रतिनिधियों भी मजबूरी वश पार्टी छोड़कर समाज के साथ खड़े हुए है।   

बसपा सुप्रीमो मायावती का दौरा 
सूरजगढ़ शीट पर पर चुनाव लड़ रहे यादव समाज के जनप्रतिनिधि और बसपा प्रत्याशी कर्मवीर यादव को अमृत घुंटी देने व समर्थन के लिए बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष व सुप्रीमो मायावती भी आज सोमवार को सूरजगढ़ विधानसभा के दौरे पर आने वाली है। मायावती सूरजगढ़ विधानसभा के बुहाना उपखंड मुख्यालय के सरकारी स्कूल के खेल मैदान में आयोजित जन सभा को संबोधित करेगी। बसपा सुप्रीमो मायावती इस जन सभा के माध्यम से क्षेत्र के एससी समाज के वोटो को प्रभावित करने का प्रयास करेगी। बसपा सुप्रीमो की होने वाली इस जन सभा में जिले की अन्य विधानसभा से चुनाव लड़ रहे प्रत्याशियों के साथ प्रदेश व जिले स्तर के पदाधिकारियों के साथ कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे।   

Share This