खबर - अरुण मूंड
स्वच्छता ही सेवा अभियान के शुभारंभ पर सुंडा ने दिखाया सच, सभागार का शौचालय ही मिला गंदा-बदबूदार
झुंझुनूं। जिला
परिषद सदस्य दिनेश सुंडा ने कहा है कि भाषणों से स्वच्छता नहीं की जा
सकेगी। इसके लिए धरातल पर काम करना होगा। दरअसल सुंडा ने यह बात उस वक्त
कही, जब जिला परिषद सभागार में स्वच्छता ही सेवा अभियान पखवाड़े का शुभारंभ
हो रहा था। इस दौरान जब सुंडा सभागार के ही टॉयलेट में गए तो वहां पर ना
केवल चारों तरफ गंदगी ही गंदगी थी। बल्कि टॉयलेट का गेट खोलते ही उसमें
बदबू का गुब्बार भी आया। हद यहां तक नहीं हुई। बल्कि हद और भी ज्यादा तब
हुई। जब वॉशबेसिन की नल से पानी भी नहीं आ रहा था। तब सुंडा ने जिला परिषद
सदस्य राजेश अहलावत और लालपुर सरपंच गिरधारीलाल स्वामी के साथ मिलकर इस बात
का रोष जताया कि पहले जहां बैठकर भाषण दे रहे है। वो जगह तो सुधरवा दो।
इसके बाद सुंडा ने खुद झाड़ू मंगवाई और राजेश अहलावत बाहर जाकर पानी की
बाल्टी लेकर आए और उन्होंने पहले तो सीईओ जेपी बुनकर को हालात दिखाए और बाद
में खुद ही सफाई कही। इसके बाद बुनकर ने आश्वस्त किया कि जल्द ही शौचालय
स्वच्छ करवाने के अलावा सभी सुविधाएं दुरूस्त करवाई जाएगी। इस मौके पर
कार्यक्रम में भी सुंडा ने कहा कि गांवों में जगह जगह मिलने वाली गंदगी को
दूर करने के लिए जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ अधिकारी और कर्मचारी भी आमजन को
सावचेत करें। ताकि असली मायने में हमारे गांव स्वच्छ और सुंदर बन सकें।
इससे पहले जिले के प्रभारी सचिव संदीप वर्मा, मंडावा विधायक नरेंद्रकुमार,
जिला कलेक्टर दिनेश यादव, जिला प्रमुख सुमन रायला, जिला उप प्रमुख
बनवारीलाल सैनी, सीईओ जेपी बुनकर, एसीईओ प्रतिष्ठा पिलानियां, एडीएम एमआर
बागडिय़ा, तहसीलदार दमयंति कंवर, नायब तहसीलदार मुकेश अग्रवाल, जिप सदस्य
दिनेश सुंडा, ताराचंद भोड़कीवाला, राजेश अहलावत, बालूराम मीणा आदि ने
स्वच्छता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इससे पहले कार्यक्रम में
स्वच्छता संबंधी शपथ दिलाई गई। पखवाड़े भर चलने वाले इस कार्यक्रम के तहत
16 सितंबर को पंचायत समिति स्तर पर स्वच्छता रथ को रवाना किया जाएगा। इसी
प्रकार 17 को गांवों में खुले में शौच से मुक्त की स्थिति दो गड्ढे युक्त
जलबंद शौचालय के लिए एक लाख गड्ढे खोदे जाएंगे। 18 को विश्वविद्यालयों,
नेहरू युवा केंद्रों एवं महाविद्यालयों में स्वच्छता रैली एवं श्रमदान, 19
को महिला स्वयं सहायता समूह की बैठक तथा महिला राज मिस्त्रियों को शौचालय
तकनीकी का प्रशिक्षण, 20 को ओडीएफ ग्राम पंचायतों में ब्लॉक स्तरीय
प्रतियोगिता का आयोजन, 22 को जन सहभागिता से सफाई एवं जागरूकता अभियान, 23
को सार्वजनिक एवं निजी अस्पतालों में सफाई कार्य, श्रमदान एवं जागरूकता
अभियान, 24 को पंचायत भवनों में सफाई अभियान, 25 से 30 तक प्रत्येक वार्ड
में स्वच्छता अभियान चलाकर सड़कों, गलियों की सफाई कर कूड़ा संग्रहण करना,
पौधारोपण करना, सावर्जनिक स्थानों की साफ-सफाई करने, एक अक्टूबर को धार्मिक
स्थलों पर साफ-सफाई करने तथा दो अक्टूबर को ग्रामसभाओं में स्वच्छता पर
चर्चा कर स्वच्छता प्लान तैयार करने, स्वच्छता संबंधी फीचर का शो तथा
सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
