डूंडलोद। नगरपालिका चुनावों की तैयारियों के बीच गुरुवार को डूंडलोद में कांग्रेस की चुनावी चर्चा में कार्यकर्ताओं का जोश देखने को मिला। पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस नेता डॉ. राजकुमार शर्मा ने कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए नगरपालिका में कांग्रेस का बोर्ड बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं में उत्साह है और टिकट वितरण के बाद सभी दावेदार एकजुट होकर कांग्रेस की जीत के लिए पूरी ताकत से जुटेंगे।
डॉ. शर्मा ने कहा कि एक-एक वार्ड में चार-पांच कार्यकर्ता टिकट की दावेदारी कर रहे हैं, जो कांग्रेस के प्रति कार्यकर्ताओं के उत्साह को दर्शाता है। उन्होंने दावेदारों से आपसी सहमति बनाने और छोटी-छोटी बातों से ऊपर उठकर पार्टी के हित में एक प्रत्याशी के पीछे खड़े होने की अपील की।
‘नगरपालिका बनी, लेकिन संसाधन नहीं मिले’
डॉ. राजकुमार शर्मा ने डूंडलोद को नगरपालिका बनाए जाने के बाद संसाधनों और बजट की कमी का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि नगरपालिका बनने का स्वागत है, लेकिन ऐसी नगरपालिका बनाने का क्या फायदा, जिसके पास पर्याप्त संसाधन और बजट ही नहीं है।
उन्होंने आरोप लगाया कि नगरपालिका बनने के बाद से अपेक्षित बजट नहीं आया। सफाई व्यवस्था सहित मूलभूत सुविधाओं को लेकर भी जनता परेशान है। शर्मा ने कहा कि ग्राम पंचायत के समय सरपंच के माध्यम से जनता को जो सुविधाएं मिल रही थीं, नगरपालिका बनने के बाद उनमें भी कमी आई है।
उन्होंने आरोप लगाया कि व्यवस्था में भ्रष्टाचार का बोलबाला है और आमजन के काम नहीं हो रहे हैं। इसी कारण जनता में नाराजगी है।
‘कांग्रेस का बोर्ड बना तो सरकार से मांग करने का कानूनी हक मजबूत होगा’
डॉ. शर्मा ने कहा कि जनता नगरपालिका बनने के खिलाफ नहीं है, बल्कि संसाधन और सुविधाएं नहीं मिलने से नाराज है। उन्होंने कहा कि अब डूंडलोद की जनता चाहती है कि नगरपालिका में कांग्रेस का बोर्ड बने, ताकि सरकार के सामने विकास और बजट की मांग मजबूती से रखी जा सके।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस का बोर्ड बनने के बाद डूंडलोद की जनता को नगरपालिका बनने के बाद जिन सुविधाओं से वंचित होना पड़ा है, उन्हें वापस दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
पुराने कार्यकर्ताओं को फिर जोड़ने पर जोर
विधानसभा चुनाव के दौरान पार्टी से दूरी बनाने वाले पुराने कार्यकर्ताओं के सवाल पर शर्मा ने कहा कि सभी कार्यकर्ता संपर्क में हैं और समय आने पर सभी एकजुट होकर पार्टी के साथ खड़े होंगे। उन्होंने पुराने मतभेद भुलाकर संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया।
शर्मा ने कार्यकर्ताओं की एकजुटता को परिवार की एकता से जोड़ते हुए कहा कि परिस्थितियां अलग रही होंगी, लेकिन अब सभी को मिलकर आगे बढ़ना है।
आरक्षण लॉटरी पर भी साधा निशाना
डॉ. राजकुमार शर्मा ने नगरपालिका चुनाव के वार्डों और आरक्षण लॉटरी को लेकर भी गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि वार्डों के निर्धारण में कोई स्पष्ट समान मानदंड नहीं अपनाया गया। उनके अनुसार किसी वार्ड में करीब 1200 वोट और किसी में करीब 400 वोट रखे गए हैं।
आरक्षण लॉटरी पर उन्होंने आरोप लगाया कि जिन क्षेत्रों में एससी परिवारों की संख्या बेहद कम है, उन्हें एससी आरक्षित कर दिया गया, जबकि अधिक एससी आबादी वाले क्षेत्र को सामान्य श्रेणी में रखा गया। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था गलत है और इसे लेकर प्रशासन को जवाब देना चाहिए।
‘चारों नगरपालिकाओं में कांग्रेस का बोर्ड बनेगा’
डॉ. राजकुमार शर्मा ने दावा किया कि जनता मौजूदा कुशासन, कथित भ्रष्टाचार और अव्यवस्थाओं से परेशान है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह है और क्षेत्र की चारों नगरपालिकाओं में कांग्रेस का बोर्ड बनेगा।
डूंडलोद में हुई चुनावी चर्चा से साफ है कि कांग्रेस ने नगरपालिका चुनाव को लेकर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। अब सबसे बड़ी चुनौती टिकट के दावेदारों को एकजुट रखना और चुनावी मैदान में संगठन की ताकत को वोट में बदलना होगी।


