Breaking News

6/recent/ticker-posts

Header Ads Widget

लोगों की समस्याओं पर गंभीरता से काम करें , तुरन्त भेजें अनुपालना रिपोर्ट-मुख्यमंत्री

उदयपुरवाटी विधानसभा क्षेत्र में जनसंवाद
डीएसओ को मिलेगी चार्जशीट
उदयपुरवाटी। मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे ने जनसंवाद कार्यक्रमों में आम लोगों द्वारा उठाई जा रही समस्याओं के प्रति सभी अधिकारियों को गंभीरता से काम करने का सख्त संदेश दिया है। उन्होंने इस दौरान दिये गये निर्देशों पर अनुपालना रिपोर्ट अगली सुबह तक भेजने के स्पष्ट निर्देश दिए हैं। राजे ने कहा कि यदि कोई अधिकारी निचले स्तर पर जनसमस्या का उचित समाधान नहीं करता हो तो उच्च अधिकारी को अधीनस्थ अधिकारी पर कार्रवाई करनी होगी। समस्या का समय पर हल नहीं निकलने पर उच्च अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जायेगी।  राजे शुक्रवार को गुढागौडजी में उदयपुरवाटी विधानसभा क्षेत्र के सर्वसमाज के लोगों के साथ जनसंवाद कर रही थीं। 

दूर होगी आवारा पशुओं की समस्या, चरागाह क्षेत्र में बाडे़ बनेंगे

गुढ़ागौड़जी में विभिन्न समाजों के ग्रामीणों ने आवारा पशुओं से फसल को होने वाले नुकसान के समाधान की मांग की। इस पर मुख्यमंत्री ने चरागाह भूमि को झुंझुनूं जिले के भोड़की गांव की तर्ज पर मेड़ या तारबंदी कर पशुओं के बाडे़ के रूप में विकसित करने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि इसके लिए ग्राम पंचायत चरागाह क्षेत्र के लिए प्रस्ताव तैयार कर तारबंदी के लिए जिला प्रशासन से अनुमति लेकर विकसित करे। ऎसे क्षेत्रों में आवारा पशुओं को छोड़कर ग्रामीणों, भामाशाहों, स्थानीय विधायक और सरकार की मदद से शेड, चारे-पानी और उपचार की व्यवस्था की जा सकती है। 

15 दिन में दूर होगी उदयपुरवाटी की पानी की समस्या 

जनसंवाद के दौरान सर्वसमाज के लोगों ने  राजे को उदयपुरवाटी कस्बे की पेयजल समस्या की जानकारी दी। इस पर मुख्यमंत्री ने जलदाय विभाग के अधिकारियों को 15 दिन में पेयजल की समस्या दूर करने के निर्देश दिए। जलदाय विभाग के अधिकारियों ने बताया कि 4 नए ट्यूबवैल खोदे गए हैं तथा तीन ट्यूबवैलों की मंजूरी प्राप्त हो चुकी है। जिनके शुरू होते ही पेयजल की समस्या दूर हो जाएगी।

सड़क निर्माण कार्योंं की होगी थर्ड पार्टी चैकिंग

मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरे झुन्झुनूं जिले में सड़कों का जाल बिछाया जा रहा है और यहां 910 करोड़ रुपये की सड़कें बनेंगी। उन्होंने कहा कि पिलानी और चिड़ावा क्षेत्र में अच्छी सड़कें बनें, इसके लिए वहां सड़क निर्माण कार्यों की बिट्स पिलानी के विशेषज्ञों से थर्ड पार्टी जांच कराई जाएगी।

कल बताई समस्या, आज समाधान के आदेश जारी

मावण्डिया और डालमिया की ढाणीे में होंगे सीवरेज के काम

मुख्यमंत्री के निर्देश पर पिलानी विधानसभा क्षेत्र के अन्तर्गत चिड़ावा कस्बे में चल रहे सीवरेज के निर्माण कार्य के पहले फेज में मावण्डिया और डालमिया की ढाणी क्षेत्रों को भी शामिल कर लिया गया है। गुरूवार को पिलानी में जनसंवाद के दौरान क्षेत्र के लोगों ने इसकी मांग की थी। इन क्षेत्रों में सीवरेज लाइन डालने के लिए शुक्रवार को आदेश जारी हो गए हैं।

डीएसओ को मिलेगी चार्जशीट 

मृत लोगों के नाम पर राशन उठाने के मामले में लापरवाही बरतने पर जिला रसद अधिकारी  सुभाष चौधरी को चार्जशीट मिलेगी। पिलानी में जनसंवाद के दौरान अडूका गांव के लोगों ने मुख्यमंत्री से शिकायत की थी कि गांव का सरपंच और राशन डीलर  मोहनलाल शर्मा मृत लोगों के नाम से खाद्य सुरक्षा योजना का राशन उठाता है। इस मामले में जिला रसद अधिकारी पर लोगों ने आरोप लगाया था कि उन्होंने राशन डीलर पर कार्रवाई नहीं की। मुख्यमंत्री ने इस मामले की जांच और सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे।