शुक्रवार, 12 अक्तूबर 2018

कांग्रेस चिल्ला-चिल्लाकर अपने झूठ को सच में बदलने की कोशिश कर रही है: प्रकाश जावड़ेकर

जयपुर। भाजपा प्रदेश कार्यालय में आज आई.टी. विभाग की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक को सम्बोधित करते हुए केन्द्रीय मानव संसाधन मंत्री एवं प्रदेश चुनाव प्रभारी प्रकाश जावड़ेकर ने कहा कि कांग्रेस अब झूठ का सहारा लेकर दुष्प्रचार कर रही है और अब कांग्रेस हमसे पूछ रही है कि किसानों को बिजली की दरों में राहत क्यों दी? उन्होंने कहा कि भाजपा ने हमेशा किसानों के विकास पर जोर दिया है और किसानों को हर सुविधा उपलब्ध करवाई है। केन्द्रीय मंत्री एवं प्रदेश चुनाव प्रभारी प्रकाश जावड़ेकर ने आई.टी. विभाग के सदस्यों से आव्हान करते हुए कहा कि जब तक आई.टी. विभाग के कार्यकर्ता ही अध्ययन नहीं करेंगे, तब तक आप अपने तथ्य और तर्क किसी के सामने नहीं रख पाएंगे। अब तो कांग्रेस भी सोशल मीडिया का सहारा ले रही है। कांग्रेस सोशल मीडिया पर सिर्फ अपना झूठ चलाने का प्रयास कर रही है जो कि वह चलने वाला नहीं है। जनता जागरूक है और कांग्रेस के झूठ को पहचान चुकी है। कांग्रेस अपने झूठ को चलाने के लिए चिल्ला-चिल्लाकर झूठ बोल रही है। जब उनके लीडर राहुल गाँधी ही अपने भाषण में बिना तथ्य और बिना आँकड़े के लोगों को बरगलाने का प्रयास करते है तो उनके कार्यकर्ता भी यही काम करेंगे। इनको यह लगता है कि जोर-जोर से झूठ बोलेंगे तो वह सच में तब्दील हो जाएगा। उन्होंने आई.टी. और सोशल मीडिया सेल के पदाधिकारियों से कहा कि सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों से ज्यादा से ज्यादा संवाद कर वीडियो बनाऐं और इसे जनता तक पहुँचाये तो अपने आप ही कांग्रेस का झूठ जनता के सामने आ जाएगा। उन्होंने कहा कि नीम कोटेड यूरिया का विकल्प लाकर यूरिया की कमी को भाजपा सरकार ने दूर किया है। मोदी सरकार ने किसानों को फसल खराबे पर बड़ी राहत दी है। किसानों को पहले 33 फीसदी फसल खराबे पर ही मुआवजा मिलता था लेकिन भाजपा सरकार ने किसानों का दर्द समझते हुए इसे बदलकर 50 फीसदी खराबे पर मुआवजा देने का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि सच्चाई, किसान और जनता मोदी जी के साथ है। भाजपा ने जब किसानों को बिजली के बिल में राहत देने का ऐलान किया तो कांग्रेस के पेट में बहुत जोर से दर्द होने लगा और किसानों को गुमराह करने के लिए अलग-अलग हथकंड़े अपना रहे है।
मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे सरकार की तारीफ करते हुए कहा कि राजे सरकार में किसानों की आर्थिक स्थिति में सुधार आया है। उन्होंने कहा कि किसानों के लिए 11 लाख करोड़ रूपये से ज्यादा का बजट मोदी सरकार ने रखा लेकिन कांग्रेस के 50 साल में किसान को कभी भी सही मुआवजा नहीं मिला और कांग्रेस के समय किसानों की स्थिति बेहद देयनीय थी। किसानों को पहले यूरिया के लिए लाठियाँ तक खानी पड़ती थी, लेकिन भाजपा सरकार में किसानों को आज यूरिया सहित अन्य कृषि के सामान आसानी से उपलब्ध हो रहे है।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदनलाल सैनी ने कहा कि भाजपा ने पिछले 5 वर्षों में किसानों और युवाओं के लिए अनेक ऐतिहासिक कार्य किए है। इन सभी उपलब्धियों को सोशल मीडिया के माध्यम से जन-जन तक पहुँचाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर से आए आई.टी. विभाग के प्रतिनिधि पूर्ण समर्पण के साथ जुट जाएं तथा एक बार फिर प्रचण्ड बहुमत से भाजपा की सरकार बनाकर इतिहास रचने में भागीदारी निभाऐं।
भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री ने कहा कि यह चुनावी लड़ाई देश तोड़ने वाली कांग्रेस पार्टी और देश जोड़ने वाली भाजपा के बीच है। इस लड़ाई में जीत भाजपा की तय है। आई.टी. विभाग के सदस्यों को अब अपने फेसबुक फ्रेण्ड्स को ‘‘कमल मित्र’’ बनाने है। ऐसे मित्र जो ‘‘कमल’’ की विचारधारा और उपलब्धियों को जनता के बीच रखेंगे।
उन्होंने कहा कि इस बार का चुनाव परिणाम पुनः भाजपा के लिए ऐतिहासिक विजय का साक्षी बनेगा। यह विजय इतनी बड़ी होगी कि पाॅलिटिकल पण्डितों की नींदें उड़ जाएंगी। कांग्रेस के कार्यकर्ताओं में भयंकर भय व्याप्त है इसीलिए वे असत्य के प्रचारक बने हुए है। हमें कुशलता से इन दुष्प्रचारों का मुँहतोड़ जवाब देना है।
भाजपा आई.टी. विभाग के प्रदेश संयोजक अविनाश जोशी ने स्वागत उद्बोधन दिया तथा आई.टी. विभाग की आगामी रूपरेखा के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि केन्द्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार भाजपा आई.टी. विभाग द्वारा भाजपा की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुँचाने के लिए विशेष योजना के तहत कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आई.टी. विभाग द्वारा शीघ्र ही जिला स्तर पर आई.टी. वाॅलेन्टियर्स सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे।
बैठक में भाजपा के प्रदेश महामंत्री भजनलाल शर्मा, वीरमदेव सिंह जैसास, सोशल मीडिया प्रभारी हीरेन्द्र कौशिक सहित आई.टी. विभाग के सम्भाग स्तरीय पदाधिकारी एवं जिला संयोजक एवं सह-संयोजक उपस्थित रहे।

Share This