मंगलवार, 16 अक्तूबर 2018

कांग्रेस में आलाकमान भाजपा में कमल निशान - राजे

रणकपुर। मुख्यमंत्री  वसुन्धरा राजे ने कहा कि कांग्रेस में आलाकमान ही सब कुछ होता है, जबकि हमारी पार्टी भाजपा में कमल निशान सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि चुनाव में किसी भी कार्यकर्ता को पार्टी का टिकट मिल जाए सभी एकजुट होकर कमल निशान को विजयी बनाने के लिए पूरे समर्पण से साथ जाते हैं। उन्हांेने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का रिमोट कांग्रेस की तरह आलाकमान के हाथ में नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं के हाथ में है।
 राजे सोमवार को पाली जिले के रणकपुर में विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं से रायशुमारी कार्यक्रम के तीसरे दिन संबोधित कर रही थीं। 
     इस बार भी 163 के फार्मूले पर जीतेंगे चुनाव
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिसम्बर 2013 में जीत के जिस फार्मूले से भाजपा 163 सीटें लेकर आई, उसी फार्मूले से इस चुनाव में भी हम ऐतिहासिक जीत दर्ज करायेंगे। वह फार्मूला है जोश, समर्पण, आत्मविश्वास और कठोर परिश्रम जो भाजपा के हर कार्यकर्ता में कूट-कूट कर भरा है। 
    
परम्परा की अफवाह कांग्रेस की
राजे ने कहा कि एक बार भाजपा और एक बार कांग्रेस की परम्परा महज कांग्रेस की अफवाह है। जबकि राजस्थान में ऐसा चलन नहीं है। 50 साल तक कांग्रेस ने प्रदेश में राज किया तब कहां चली गयी थी यह परम्परा। अफवाह का दूसरा नाम कांग्रेस ही है जो अफवाहों के दम पर चुनाव जीतना चाहती है लेकिन प्रदेश की जनता सब समझती है।
नहले पर दहला
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह चुनाव भाजपा जीतेगी और कांग्रेस को बतायेगी कि काम करने वालों की कैसे जीत होती है। उन्होंने कहा कि लोगों की आंखों में प्यार, विश्वास और आशीर्वाद देखकर ही अंदाजा हो जाता है कि जनता क्या चाहती है। जनता इस बार नहले पर दहला मारकर भाजपा को फिर से सेवा का मौका देगी। सिर्फ राजस्थान में ही नहीं हम देश में भी भाजपा की प्रचण्ड बहुमत से सरकार बनायेंगे।
कांग्रेस कर रही है हमारी सरकार की तारीफ
 राजे ने कहा कि कांग्रेस के नेता कल तक कहते थे कि सत्ता में आये तो महिलाओं को स्मार्ट फोन देने और भामाशाह योजना के माध्यम से महिला को परिवार का मुखिया बनाने जैसी योेजनाओं की जांच करायेंगे। इन योजनाओं को बंद करेंगे। अब कांग्रेस के नेताओं ने सुर बदल लिये हैं। पिछले दो तीन दिनों से ये नेता कह रहे हैं कि भाजपा सरकार की योजनाएं अच्छी हैं, जिन्हें बन्द नहीं करेंगे।  
कांग्रेस उस दिल की तरह जिसके टुकड़े हजार हुए-सैनी
रायशुमारी कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष मदन लाल सैनी ने कहा कि एक ओर तो भाजपा है जो चुस्त, दुरूस्त और एकमुख है, दूसरी तरफ कांग्रेस है जो उस दिल की तरह है जिसके टुकड़े हजार हुए कोई यहां गिरा कोई वहां गिरा। उन्होंने कहा कि आने वाले चुनाव में हमें विकास का वोट मिलेगा। विचारधारा का वोट मिलेगा। मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे के विजनरी नेतृत्व में राजस्थान ने अग्रणी प्रदेशों में अपना स्थान बनाया है जिसकी बदौलत हम राजस्थान में फिर से सरकार बनायेंगे। सैनी के अलावा भाजपा के संगठन महामंत्री चन्द्रशेखर ने भी कार्यकर्ताओं को सम्बोधित किया।

Share This