बलवंतपुरा: सरस्वती स्कूल की तीन प्रतिभाशाली छात्राओं ने माध्यमिक शिक्षा बोर्ड राजस्थान की मेधावी विद्यार्थी छात्रवृत्ति के लिए चयनित होकर अपने स्कूल और जिले का नाम रोशन किया है।
विद्यालय निदेशक बीरबल सिंह गोदारा ने बताया कि 12वीं विज्ञान वर्ग में दीक्षा चैधरी (98.80%) और रिया रणवां (98.80%) ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, जबकि 12वीं वाणिज्य वर्ग में पलक मावतवाल (97.40%) ने शानदार अंक हासिल किए। उनकी मेहनत और लगन को देखते हुए बोर्ड ने इन्हें आगामी तीन वर्षों तक प्रति माह 500 रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान करने का निर्णय लिया है।
निदेशक ने इस सफलता का श्रेय छात्राओं की मेहनत, शिक्षकों के कुशल मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग को दिया। उन्होंने कहा, "ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को तराश कर राज्य स्तर पर पहचान दिलाना हमारा मुख्य उद्देश्य है।"
विद्यालय प्रधानाचार्य हेमंत दाधीच ने बताया कि स्कूल के विद्यार्थी हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं और विभिन्न छात्रवृत्तियों में अग्रणी बने हुए हैं। प्रशासनिक अधिकारी कीर्तिमान गोदारा ने भी विद्यार्थियों की इस उपलब्धि को स्कूल के सकारात्मक वातावरण और मेहनती शिक्षक टीम की सफलता बताया।
गौरतलब है कि इससे पहले झुंझुनूं जिले के अन्य छात्रों ने पद्माक्षी छात्रवृत्ति और इंस्पायर स्कॉलरशिप जैसी राष्ट्रीय स्तर की छात्रवृत्तियों में चयनित होकर जिले का मान बढ़ाया है।
