DPS के पूर्व छात्र धीरज कुमार की UPSC CAPF में ऑल इंडिया 45वीं रैंक, बने सहायक कमाण्डेन्ट
सहायक कमाण्डेन्ट के पद पर हुआ चयन, विद्यालय एवं क्षेत्र में खुशी का माहौल
डूण्डलोद। डूण्डलोद पब्लिक स्कूल के पूर्व छात्र धीरज कुमार, सुपुत्र मनोज कुमार कुमावत, निवासी बसावा ने यूपीएससी सेन्ट्रल आर्म्ड पुलिस फोर्सेज (CAPF) परीक्षा में ऑल इंडिया 45वीं रैंक हासिल कर विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है। उनकी इस उल्लेखनीय सफलता के बाद सहायक कमाण्डेन्ट के पद पर चयन हुआ है।
धीरज कुमार की इस शानदार उपलब्धि पर डूण्डलोद पब्लिक स्कूल परिवार में हर्ष एवं गौरव का माहौल है। विद्यालय प्रबंधन, प्रधानाचार्य, शिक्षकगण एवं विद्यार्थियों ने उन्हें हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
संस्था के सचिव बी.एल. रणवा ने धीरज कुमार को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन, लगन और दृढ़ संकल्प का परिणाम है। उन्होंने कहा कि डी.पी.एस. के छात्र लगातार विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन कर रहे हैं। धीरज कुमार की सफलता वर्तमान विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक है और उन्हें अपने लक्ष्य के प्रति निरंतर मेहनत करने की सीख देती है।
बी.एल. रणवा ने कहा कि किसी भी प्रतियोगी परीक्षा में सफलता प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयास, आत्मविश्वास और लक्ष्य के प्रति प्रतिबद्धता आवश्यक है। धीरज कुमार ने इन गुणों को अपने जीवन में अपनाकर यह मुकाम हासिल किया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि धीरज कुमार सहायक कमाण्डेन्ट के रूप में अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा, ईमानदारी और कर्तव्यपरायणता के साथ निर्वहन करते हुए राष्ट्र सेवा में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि पूर्व छात्रों की ऐसी उपलब्धियां विद्यालय के वर्तमान विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। धीरज कुमार की सफलता यह संदेश देती है कि कठिन परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।
विद्यालय परिवार ने धीरज कुमार एवं उनके परिवार को इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा आशा व्यक्त की कि वे अपने नए दायित्व का पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ निर्वहन करते हुए देश का नाम रोशन करेंगे।
.jpeg)