विपक्ष ने दिए केवल झूठे आश्वासन, भाजपा सरकार ने स्वीकृत किए करोड़ों के विकास कार्य
कालाडेरा में कार्यकर्ताओं के सम्मेलन में मिशन-20 का संकल्प, एकजुटता के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी भाजपा
कालाडेरा। नगर निकाय चुनाव 2026 की तैयारियों के क्रम में शनिवार देर शाम कालाडेरा स्थित एक निजी गार्डन में भारतीय जनता पार्टी का विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता भाजपा प्रदेश मुख्य प्रवक्ता व पूर्व विधायक रामलाल शर्मा एवं चुनाव प्रभारी निर्मल राजपुरोहित ने कार्यकर्ताओं को संबोधित कर संगठन की मजबूती और चुनावी रणनीति पर गहन मंथन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। सम्मेलन में पहुंचे कार्यकर्ताओं का तिलक लगाकर व पार्टी का दुपट्टा पहनाकर गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दिया कालाडेरा को नगरपालिका का दर्जा
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश मुख्य प्रवक्ता रामलाल शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने क्षेत्र की जनता की वर्षों पुरानी मांग को पूरा करते हुए कालाडेरा को नगरपालिका का दर्जा प्रदान किया है। उन्होंने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी ने केवल झूठे आश्वासन देने का काम किया और क्षेत्र में एक भी विकास कार्य नहीं कराया। शर्मा ने जनता से संवाद करते हुए पूछा कि क्या क्षेत्र के सांसद एक बार भी कालाडेरा नगरपालिका क्षेत्र में आए हैं? इस पर कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय जनता ने एक स्वर में कहा कि सांसद आज तक क्षेत्र में नहीं आए, वे केवल वोट मांगने के समय दिखे थे और उसके बाद से लापता हैं।
ढाई वर्षों में हुए ऐतिहासिक विकास कार्य
पूर्व विधायक रामलाल शर्मा ने बताया कि भाजपा सरकार ने पिछले ढाई वर्षों में क्षेत्र के विकास के लिए करोड़ों रुपये के विकास कार्य स्वीकृत किए हैं। इनमें कालाडेरा को जोड़ने वाली प्रमुख सड़कें शामिल हैं, साथ ही मुख्य आबादी क्षेत्र में ₹4 करोड़ की लागत से 'अटल पथ' का निर्माण कराया गया है।
उम्मीदवार का चयन कार्यकर्ता स्वयं करें
चुनाव प्रभारी को आश्वस्त करते हुए शर्मा ने स्पष्ट किया, "मेरे लिए सभी कार्यकर्ता समान हैं और वे मेरे परिवार के सदस्य हैं। इसलिए मैं किसी एक उम्मीदवार का चयन नहीं करूंगा और न ही किसी व्यक्ति विशेष की सिफारिश करूंगा। आप सभी कार्यकर्ता और वार्ड के लोग स्वयं बैठकर सर्वसम्मति से योग्य उम्मीदवार का चयन करें।"
मिशन 20 के साथ बनेगा भाजपा का बोर्ड: निर्मल राजपुरोहित
चुनाव प्रभारी निर्मल राजपुरोहित ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि हमारा एकमात्र लक्ष्य 'मिशन 20' होना चाहिए। उन्होंने कहा कि वे कार्यकर्ताओं के बीच रहकर पूरी निष्ठा और मेहनत से कार्य करेंगे और कालाडेरा में भाजपा का बोर्ड बनाएंगे। राजपुरोहित ने वार्ड प्रभारी, सह-प्रभारी, संयोजक और सह-संयोजकों की बैठक लेकर जीत का मूल मंत्र दिया।
इस अवसर पर कालाडेरा मंडल अध्यक्ष लालचंद यादव, पूर्व मंडल अध्यक्ष बनवारी शर्मा, रामगोपाल मीणा, ओमप्रकाश धामानी, साधुराम कुमावत, सुल्तान बुनकर, रिशपाल कुमावत, प्रभु दयाल बागड़ा, कृष्ण स्वामी, वीरेंद्र सिंह, सीताराम शर्मा, राजेंद्र बलवंत, ओम प्रकाश खाती, मुकेश रोज, गोपाल डेनवाल, प्रहलाद कुमावत, सोहन परीक सहित समस्त प्रभारी, सह-प्रभारी, संयोजक, सह-संयोजक, पार्टी पदाधिकारी, भारी संख्या में कार्यकर्ता एवं मातृशक्ति उपस्थित रही।


