Breaking News

6/recent/ticker-posts

Header Ads Widget

कालोटा के पुरुषोत्तम वर्मा बने डिप्टी कमांडेंट, गांव में खुशी का माहौल



खेतड़ी। (अनिल जज़्बाती )झुंझुनूं जिले की खेतड़ी तहसील के कालोटा गांव निवासी पुरुषोत्तम वर्मा को डिप्टी कमांडेंट पद पर पदोन्नति मिलने से गांव सहित पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है। उनकी इस उपलब्धि पर परिजनों, मित्रों और क्षेत्रवासियों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।


पुरुषोत्तम वर्मा, बुद्ध राम जी के सुपुत्र हैं। उन्होंने अपनी मेहनत, कर्तव्यनिष्ठा और उत्कृष्ट सेवाओं के दम पर यह महत्वपूर्ण मुकाम हासिल किया है। देश के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सेवाएं देने के साथ-साथ वे स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (SPG) में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। चुनौतीपूर्ण क्षेत्रों में जिम्मेदारी निभाने के बाद डिप्टी कमांडेंट पद पर पदोन्नति उनकी सेवाओं और समर्पण की महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।


कालोटा जैसे छोटे से गांव से निकलकर देश सेवा के क्षेत्र में उच्च पद तक पहुंचना क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायी है। उनकी सफलता से परिवार के साथ-साथ ग्रामीणों में भी उत्साह है। प्रमोशन की सूचना मिलते ही गांव में बधाई देने वालों का तांता लग गया और परिजनों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर की।


परिजनों एवं ग्रामीणों ने कहा कि पुरुषोत्तम वर्मा की सफलता उनकी मेहनत, अनुशासन और देश के प्रति समर्पण का परिणाम है। उनकी इस उपलब्धि ने कालोटा गांव के साथ पूरे खेतड़ी क्षेत्र को गौरवान्वित किया है।


क्षेत्रवासियों ने डिप्टी कमांडेंट पद पर पदोन्नति के लिए पुरुषोत्तम वर्मा को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि वे भविष्य में भी इसी समर्पण और निष्ठा के साथ देश सेवा करते हुए नई ऊंचाइयां हासिल करेंगे।