जयपुर: राजस्थान में कल 37 जिलों में जिला प्रमुख के चुनाव होंगे। आंकड़ों में कांग्रेस मजबूत नजर आ रही है। 23 जिला परिषदों में कांग्रेस के पास स्पष्ट बहुमत है, जबकि बीजेपी महज 5 जिलों में बहुमत के आंकड़े पर है। नागौर में आरएलपी का दबदबा है, वहीं 8 जिलों में निर्दलीय और अन्य दल निर्णायक भूमिका निभाएंगे।
बहुमत के बावजूद कांग्रेस की मुश्किलें कम नहीं हैं। पार्टी ने बीजेपी पर हॉर्स ट्रेडिंग, प्रलोभन और पुलिस-प्रशासन के दुरुपयोग के आरोप लगाए हैं। भरतपुर में तीन जिला परिषद सदस्यों को उठाने का आरोप भी लगाया गया है। ऐसे में कांग्रेस के सामने सबसे बड़ी चुनौती अपने सदस्यों को एकजुट रखने की है।
जिला प्रमुख के उम्मीदवारों पर सांसद और जिला अध्यक्ष मिलकर फैसला करेंगे। विधायकों की राय भी ली जाएगी। खास बात यह है कि पंचायतीराज चुनाव में दल-बदल विरोधी कानून और पार्टी व्हिप लागू नहीं होता, जिससे चुनाव में जोड़-तोड़ की संभावना बढ़ जाती है।
कल सुबह 10 बजे बैठक के साथ चुनावी प्रक्रिया शुरू होगी। 11 बजे नामांकन, दोपहर 1 बजे तक नाम वापसी और 3 से 5 बजे तक मतदान होगा। इसके तुरंत बाद मतगणना कर परिणाम घोषित किए जाएंगे।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या कांग्रेस अपने बहुमत को जिला प्रमुख की कुर्सी तक पहुंचा पाएगी या बीजेपी सियासी उलटफेर करने में कामयाब होगी?
