जयपुर। राजस्थान में पंचायतीराज चुनाव 2026 की मतगणना से पहले उम्मीदवारों, समर्थकों और राजनीतिक नेताओं की धड़कनें तेज हो गई हैं। कल शुक्रवार, 20 नवंबर को प्रदेश की 37 जिला परिषदों और 427 पंचायत समितियों के चुनाव परिणाम घोषित होंगे। मतगणना सुबह 8 बजे से शुरू होगी।
चुनाव परिणाम को लेकर सबसे ज्यादा बेचैनी चुनाव लड़ रहे उम्मीदवारों और उनके समर्थकों में है। कई दिनों से जीत के लिए दिन-रात मेहनत कर रहे प्रत्याशियों को अब अपने राजनीतिक भविष्य का इंतजार है। वहीं राजनीतिक दलों के नेताओं की प्रतिष्ठा भी इन चुनावों में दांव पर लगी हुई है।
टिकट नहीं मिलने से नाराज होकर अपनी ही पार्टी के उम्मीदवारों का विरोध करने वाले नेताओं और कार्यकर्ताओं की निगाहें भी कल के परिणामों पर टिकी हैं। इसके अलावा उन समर्थकों को भी अपनी मेहनत का परिणाम मिलने का इंतजार है, जिन्होंने अपने प्रत्याशियों को जिताने के लिए पूरा जोर लगाया।
राजस्थान में कुल 41 जिला परिषदें और 457 पंचायत समितियां हैं। इनके अंतर्गत 1,403 जिला परिषद सदस्य और 8,245 पंचायत समिति सदस्य पदों के निर्वाचन क्षेत्र हैं। हालांकि कोटा, बारां, करौली और श्रीगंगानगर की चार जिला परिषदों तथा इन जिलों की 30 पंचायत समितियों की मतगणना अब 17 दिसंबर को होगी।
20 नवंबर को होने वाली मतगणना के बाद 37 जिलों में चुनावी तस्वीर साफ हो जाएगी। इसके बाद जिला प्रमुख और प्रधान के चुनाव की प्रक्रिया शुरू होगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 25 नवंबर को जिला प्रमुख, 26 नवंबर को उप जिला प्रमुख, 27 नवंबर को प्रधान और 28 नवंबर को उप प्रधान का चुनाव होगा।
अब सभी की निगाहें कल सुबह 8 बजे शुरू होने वाली मतगणना पर टिकी हैं। चुनाव परिणाम बताएंगे कि किस उम्मीदवार की मेहनत सफल हुई और किस पार्टी ने ग्रामीण क्षेत्रों में अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत की।
