![]() |
| आज गद्दारों, अपनों और नेताओं को नींद नहीं आएगी – पंचायत चुनाव 2026 |
किसी की मेहनत रंग लाएगी तो किसी के अरमानों पर फिरेगा पानी
जयपुर। आज की रात बड़ी लंबी होने वाली है। कुछ लोग करवटें बदलेंगे, कुछ मोबाइल पर चुनावी आंकड़े खंगालेंगे, कुछ भगवान को याद करेंगे तो कुछ मन ही मन जीत का गणित लगाएंगे। वजह भी खास है... कल यानी 20 नवंबर को राजस्थान के पंचायत चुनावों की मतगणना जो होने वाली है!
आज नींद उड़ने वालों की सूची भी कोई छोटी-मोटी नहीं है। इसमें गद्दार भी हैं, अपने भी हैं, पार्टी के वफादार भी हैं, उम्मीदवार भी हैं और वे बड़े-बड़े नेता भी हैं जिनकी प्रतिष्ठा इन चुनावों में दांव पर लगी हुई है।
कहने को तो चुनाव जिला परिषद सदस्य और पंचायत समिति सदस्यों का है, लेकिन असली मुकाबला तो कई जगह पार्टी के भीतर, अपनों के बीच और राजनीतिक प्रतिष्ठा का भी है।
सबसे पहले बात उन गद्दारों की, जिन्हें आज नींद नहीं आएगी!
यहां गद्दार शब्द किसी दूसरी पार्टी के लिए नहीं, बल्कि उन लोगों के लिए है जो खुद पार्टी में रहकर अपनी पार्टी के उम्मदीवार से गद्दारी करते है । जब तक टिकट की उम्मीद रहती है, तब तक पार्टी उनकी सबसे अच्छी होती है। लेकिन जैसे ही टिकट किसी दूसरे को मिल जाता है, पार्टी से मोहभंग हो जाता है। अगर पार्टी वो छोड़कर दूसरी पार्टी ज्वाइन कर ले तो गद्दारी की बात नहीं होती है
लेकिन
फिर शुरू होता है असली खेल! पार्टी का झंडा भले ही घर में लगा हो, लेकिन अंदरखाने विरोधी उम्मीदवार को जिताने की रणनीति बनने लगती है। अपने ही उम्मीदवार को हराने के लिए पूरी ताकत झोंक दी जाती है। ऊपर से मीठी-मीठी बातें और भीतर से चुनावी गणित बिगाड़ने की कोशिश!
अब कल नतीजे आएंगे तो पता चलेगा कि उनकी मेहनत रंग लाई या उनकी अपनी ही पार्टी का उम्मीदवार बाजी मार गया। अगर उम्मीदवार जीत गया तो इनकी रात और भी लंबी हो सकती है और अगर हार गया तो चेहरे पर मुस्कान भी आ सकती है। लेकिन राजनीति में कुछ भी छिपा नहीं रहता, हिसाब कभी न कभी होता जरूर है!
दूसरे नंबर पर हैं वे समर्थक, जिन्होंने दिन-रात एक कर दिया
ये वे लोग हैं जिन्होंने उम्मीदवार को जिताने के लिए अपनी नींद, आराम और कई बार घर-परिवार तक को पीछे छोड़ दिया। सुबह से लेकर देर रात तक गांव-गांव, ढाणी-ढाणी और घर-घर दस्तक दी।
किसी ने चाय पिलाई, किसी ने गाड़ी दौड़ाई, किसी ने फोन संभाले तो किसी ने रूठों को मनाया। किसी ने अपने खर्चे पर प्रचार किया तो किसी ने रिश्तेदारों और दोस्तों को भी मैदान में उतार दिया।
अब कल नतीजे आएंगे तो इनकी धड़कनें भी तेज होंगी। उम्मीदवार जीता तो ऐसा जश्न मनाएंगे जैसे खुद विधायक बन गए हों। और अगर हार गया तो सबसे पहले यही सवाल पूछेंगे कि आखिर कमी कहां रह गई?
तीसरे नंबर पर हैं चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवार
उम्मीदवारों की हालत तो सबसे अलग है। किसी को अपनी जीत का पूरा भरोसा है, कोई समर्थकों के भरोसे है तो कोई आखिरी समय तक जातिगत समीकरण, वोटों के बंटवारे और निर्दलीय उम्मीदवारों के प्रभाव का हिसाब लगा रहा है।
किसी को लग रहा है कि जीत का अंतर हजारों में होगा, तो कोई मन ही मन हार-जीत के बीच फंसे कुछ सौ वोटों का गणित लगा रहा है।
आज हर फोन की घंटी पर नजर रहेगी। कोई कहेगा कि आपकी जीत पक्की है तो कोई चुपके से बताएगा कि मुकाबला कांटे का है। लेकिन असली फैसला तो मतगणना की मेज पर ही होगा।
चौथे नंबर पर हैं बड़े नेता, जिनकी साख लगी है दांव पर
अब बात उन बड़े नेताओं की, जिनके लिए यह चुनाव केवल जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों का चुनाव नहीं है। उनके लिए यह अपनी राजनीतिक पकड़, संगठन की ताकत और क्षेत्र में प्रभाव साबित करने का मौका भी है।
किस जिले में किस पार्टी का जिला प्रमुख बनेगा? किस पंचायत समिति में किसका प्रधान बैठेगा? किस नेता की पसंद का उम्मीदवार आगे निकलेगा? किसकी रणनीति कामयाब होगी और किसका राजनीतिक गणित गड़बड़ा जाएगा?
इन सवालों के जवाब कल मिलने शुरू होंगे।
बड़े नेताओं की असली परीक्षा भी यही है। क्योंकि जनता ने सदस्य चुनने के लिए वोट दिया है, लेकिन जिला प्रमुख और प्रधान की कुर्सी तक पहुंचने के लिए निर्वाचित सदस्यों के बीच बहुमत और राजनीतिक समीकरण बनाने होंगे।
कल सुबह 8 बजे से शुरू होगा असली इम्तिहान
राजस्थान में 20 नवंबर को पंचायत चुनाव की मतगणना सुबह 8 बजे से शुरू होगी। पहले चरण में प्रदेश की 37 जिला परिषदों और 427 पंचायत समितियों के सदस्य पदों के चुनाव परिणाम सामने आएंगे।
प्रदेश में कुल 41 जिला परिषदें और 457 पंचायत समितियां हैं। जिला परिषद सदस्य की कुल 1,403 सीटें और पंचायत समिति सदस्य की 8,245 सीटें हैं।
हालांकि कोटा, बारां, करौली और श्रीगंगानगर की चार जिला परिषदों तथा इन जिलों की 30 पंचायत समितियों की मतगणना 17 दिसंबर को होगी।
37 जिलों में चुनाव परिणाम आने के बाद जिला प्रमुख और प्रधान के चुनाव का रास्ता खुलेगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 25 नवंबर को जिला प्रमुख, 26 नवंबर को उप जिला प्रमुख, 27 नवंबर को प्रधान और 28 नवंबर को उप प्रधान का चुनाव होगा।
यानी कल केवल उम्मीदवारों की जीत-हार का फैसला नहीं होगा, बल्कि आने वाले दिनों में जिला प्रमुख और प्रधान की कुर्सियों के लिए भी राजनीतिक बिसात बिछनी शुरू हो जाएगी।
अब देखना यह है कि किसकी दिवाली और किसकी होली!
कल किसी के घर ढोल-नगाड़े बजेंगे, कहीं मिठाइयां बंटेंगी, कहीं समर्थक जिंदाबाद के नारे लगाएंगे तो कहीं चुनावी कार्यालयों पर सन्नाटा पसरा होगा।
किसी की वर्षों की मेहनत रंग लाएगी तो किसी की सारी रणनीति धरी रह जाएगी। किसी का राजनीतिक कद बढ़ेगा तो किसी को अपनी ही पार्टी के भीतर जवाब देना पड़ेगा।
और हां, उन लोगों पर भी नजर रहेगी जो चुनाव से पहले हर उम्मीदवार के साथ दिखाई दे रहे थे। जीतने वाले के साथ फोटो खिंचवाने वालों की भी कमी नहीं होगी। राजनीति में जीत के बाद समर्थकों की संख्या अक्सर अपने आप बढ़ जाती है!
फिलहाल तो आज की रात सबके लिए खास है। गद्दारों को अपने किए का हिसाब याद आ रहा होगा, समर्थकों को अपनी मेहनत का परिणाम जानने की बेचैनी होगी, उम्मीदवारों को जीत का इंतजार होगा और बड़े नेताओं को अपनी राजनीतिक प्रतिष्ठा की चिंता।
कल सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू होगी। फिर पता चलेगा कि किसके दावे में दम था, किसकी रणनीति सफल रही और किसके अरमानों पर पानी फिरा।
आज रात नींद किसे आएगी, यह तो पता नहीं... लेकिन कल नतीजे आने के बाद कई चेहरों की मुस्कान और कई चेहरों की खामोशी जरूर देखने लायक होगी!
राजनीति है साहब... यहां जीतने वाला भी रात को सो नहीं पाता और हारने वाला भी!
