सोमवार, 24 दिसंबर 2018

राज्यपाल ने 13 केबिनेट एवं 10 राज्य मंत्रियों को शपथ दिलाई

जयपुर। राज्यपाल  कल्याण सिंह ने सोमवार को यहां राजभवन में आयोजित समारोह में 13 केबिनेट एवं 10 राज्य मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और मुख्य सचिव श्री डी.बी. गुप्ता ने शपथ दिलाने के लिए राज्यपाल से आग्रह किया। मुख्यमंत्री ने मनोनीत मंत्रियों को शपथ दिलाने के लिए नाम पुकारे। राज्यपाल श्री सिंह ने  बी.डी. कल्ला,  शांति कुमार धारीवाल,  परसादीलाल मीणा, मास्टर भंवरलाल मेघवाल,  लालचन्द कटारिया, डॉ. रघु शर्मा,  प्रमोद जैन भाया,  विश्वेन्द्र सिंह,  हरीश चौधरी,  रमेश चन्द मीणा,  उदयलाल आंजना,  प्रताप सिंह खाचरियावास एवं  सालेह मोहम्मद को केबिनेट मंत्री के पद की शपथ दिलाई।
इसके बाद राज्यपाल ने  गोविन्दसिंह डोटासरा,  ममता भूपेश,  अर्जुन बामनिया,  भंवरसिंह भाटी,  सुखराम विश्नोई,  अशोक चांदना,  टीकाराम जूली,  भजनलाल जाटव,  राजेन्द्र सिंह यादव एवं  सुभाष गर्ग को राज्य मंत्री के पद की शपथ दिलाई। राज्य मंत्रिपरिषद के सभी सदस्यों ने हिन्दी भाषा में ईश्वर के नाम पर शपथ ली। शपथ के पश्चात राज्यपाल  कल्याण सिंह, मुख्यमंत्री  अशोक गहलोत, उप मुख्यमंत्री  सचिन पायलट और उपस्थित गणमान्य अतिथियों ने मंत्रियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी। समारोह के दौरान वहां मौजूद जनसमूह ने तालियों के साथ मनोनीत मंत्रीगण का स्वागत किया। इस अवसर पर नवनिर्वाचित विधायकों सहित प्रशासनिक, पुलिस एवं न्यायिक सेवा के अधिकारियों के साथ ही राज्य के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिक भी मौजूद थे। 
समारोह का शुभारम्भ एवं समापन राष्ट्रगान से हुआ।

Share This