Breaking News

6/recent/ticker-posts

Header Ads Widget

बजट घोषणाओं की हो क्रियान्विती: कलक्टर

    

खबर - जयनारायण बिस्सा 
 बीकानेर। जिला कलक्टर पूनम ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा वित्तीय वर्ष 2015-16 के बजट भाषण में की गई घोषणाओं  की समयबद्घ पालना सुनिश्चित की जाए। जिला कलक्टर मंगलवार को कलक्ट्रेट सभागार में बजट घोषणा  क्रियान्विति से संबंधित पहली बैठक की अध्यक्षता कर रही थीं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विभागाध्यक्ष अपने विभाग से  संबंधित घोषणाओं की क्रियान्विति की नियमित मॉनिटरिंग करें तथा कोई बिंदु राज्य सरकार के स्तर का है तो विभाग के  वरिष्ठ अधिकारियों के संपर्क में रहकर प्रगति के संबंध में अपडेट रहें। उन्होंने कहा कि जिला स्तर पर प्रत्येक सोमवार को  इसकी समीक्षा विभागवार की जाएगी। प्रत्येक विभाग, बैठक से पूर्व बजट क्रियान्विति की प्रगति की जानकारी निर्धारित  फॉर्मेट में अनिवार्य रूप से उपलब्ध करवाएगा। भूमि आवंटन एवं स्थल चयन तथा निर्माण कार्यों से संबंधित घोषणाओं  की क्रियान्विति के लिए सरकार द्वारा दो प्रपत्र निर्धारित किए गए हैं। प्रत्येक विभाग को इन प्रपत्रों में सूचनाएं उपलब्ध  करवानी होगी।
अनुपस्थित अधिकारियों को मिलेंगे नोटिस
जिला कलक्टर ने कहा कि यह एक महत्वपूर्ण बैठक है। कोई भी अधिकारी इस बैठक में बिना सूचना अनुपस्थित  न रहे। बजट घोषणा क्रियान्विति बैठक में अनुपस्थित रहने वाले अधिकारियों को नोटिस दिए जाएंगे तथा इसकी प्रति  संबंधित विभाग प्रमुख को भेजी जाएगी। यदि कोई अधिकारी इस बैठक में लगातार दूसरी बार अनुपस्थित रहता है तो  नोटिस की प्रति मुख्य सचिव को भिजवाई जाएगी। उन्होंने प्रत्येक घोषणा के क्रियान्वयन के संबंध में कार्ययोजना तैयार  करने तथा इसके अनुसार पूर्ण गंभीरता से कार्य करने के निर्देश दिए।
विभागवार हुई समीक्षा
बैठक के दौरान बजट भाषण घोषणाओं की विभागवार समीक्षा की गई। पूनम ने पीडब्ल्यूडी द्वारा निर्मित किए  जाने वाले विभिन्न राज्य राजमार्गों की फिजिबलिटी रिपोर्ट अतिशीघ्र बनाकर सरकार को भिजवाने के निर्देश दिए।  डिग्गियों से संचालित पेयजल योजनाओं में बनी डिग्गियों और टंकियों की साफ-सफाई, रखरखाव, इनटेल चौनल से  डिग्गी तक खुले नाले के स्थान तक पाइप से जोडऩे, राजकीय संग्रहालयों के विकास कार्यों, करणीमाता पैनोरमा से  संबंधित कार्य, बीछवाल में बनने वाले बॉयोलिजिकल पार्क, जनाना अस्पताल के अधूरे भवन के निर्माण, जिला स्कूल बोर्ड  की स्थापना, पुलिस लाइंस को पुलिस ट्रेनिंग सेंटर के रूप में विकसित करने सहित विभिन्न बिंदुओं की प्रगति के संबंध में  समीक्षा की गई।
दिए जाएं माइक्रो एटीएम के प्रशिक्षण
जिला कलक्टर ने कहा कि मुख्यमंत्री की बजट घोषणा के अनुसार जिले के दूरस्थ क्षेत्रों में पूरे साल भामशाह  योजना के तहत बैंकिंग सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए प्रत्येक अटल सेवा केन्द्र पर माइक्रो एटीएम स्थापित किए जाएंगे।  वर्तमान में जिन अटल सेवा केन्द्रों में इन माइक्रों एटीएम का आवंटन कर दिया गया है, वहां इनके संचालन से संबंधित  प्रशिक्षण भी उपलब्ध करवाया जाए। उन्होंने विभिन्न शहरी क्षेत्रों में निर्माणाधीन आरओबी के कार्य पूर्ण करने के लिए  बजट में 125 करोड़ रूपये का प्रावधान किया गया है। इसे ध्यान रखते हुए पूगल रोड पर बन रहे पुल का निर्माण  समयबद्घ पूर्ण करना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच भी समय-समय पर की  जाए।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रशासन) हरि प्रसाद पिपरालिया, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी  अधिकारी बी.एल. मेहरड़ा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र बिश्नोई, नगर विकास न्यास सचिव अजय असवाल, नगर  निगम आयुक्त वीरेन्द्र वर्मा, उपनिरीक्षक पंजीयन एवं मुद्रांक ऋषि बाला श्रीमाली, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी  डॉ देवेन्द्र चौधरी, जिला उद्योग केन्द्र के महाप्रबंधक आर. के. सेठिया, मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ आर.ए. बम, जिला  परिवहन अधिकारी जुगल माथुर सहित विभिन्न अधिकारी मौजूद थे।