Breaking News

6/recent/ticker-posts

Header Ads Widget

आजादी के बाद अब तक का सबसे बेहतरीन कार्यकाल- प्रो. सावंरलाल जाट

जयपुर। केन्द्रीय जल संसाधन एवं नदी विकास राज्य मंत्री प्रो. सावंरलाल जाट ने कहा कि प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार का एक वर्ष का कार्यकाल भ्रष्टाचार मुक्त और आजादी के बाद अब तक का सबसे बेहतरीन कार्यकाल रहा है। उन्होंने कहा कि देश में प्राकृतिक आपदा के समय आमजन की बढ़चढ़ कर सहायता की गयी तथा राजस्थान में हाल ही में हुई ओलावृष्टि में तो सरकार ने आपदा के नियमों में बदलाव कर अब तक का सबसे बड़ा राहत पैकेज किसानों को मुहैया करवाया । प्रो. जाट मंगलवार को सूचना केन्द्र में केन्द्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के विज्ञापन एवं दृश्य प्रचार निदेशालय द्वारा आयोजित केन्द्र सरकार की पहली वर्षगांठ के अवसर पर साल एक शुरूआत अनेक चित्र प्रदर्शनी के विधिवत उद्घाटन के बाद, संबोधित कर रहे थे। उन्होंने केन्द्र सरकार की गत वर्ष की सफलताओं का उल्लेख करते हुए बताया कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में प्रत्येक विभाग में काम होने के साथ भ्रष्टाचार मुक्त वातावरण रहा है। उन्होंने बताया कि यह केन्द्र सरकार द्वारा बरती गई पारदर्शिता का ही परिणाम है कि गत एक वर्ष में काला धन को भारत में वापस लाने के लिए सरकार संसद में कानून भी लेकर आई है। उन्होंने कहा कि सवा सौ करोड़ से अधिक आबादी वाले देश की विदेश नीति के तहत देश की पहचान बनाने के साथ 3 लाख करोड़ रुपये की रिकार्ड तोड़ राजस्व प्राप्त हुआ है जिससे देश के हर गांव व ढ़ाणी के विकास का सपना साकार होगा। उन्होंने बताया कि जनधन योजना के तहत देश में 15 करोड़ से अधिक शून्य राशि से खाते खोले गये जो इतिहास के स्वर्ण अक्षरों में लिखा जायेगा तथा विभिन्न प्रकार के देय पेंशन योजना के तहत अब हर लाभार्थी को एक हजार रुपये मासिक पेंशन मिलेगी। साथ ही प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, अटल पेंशन योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना से प्रत्येक वर्ग को लाभांन्वित किया गया जिससे वे अपना सुरक्षा के साथ जीवन यापन कर सकेंगे। इस अवसर पर जयपुर शहर सांसद  रामचरण बोहरा, सूचना एवं जनसम्पर्क निदेशक  अनिल गुप्ता सहित अन्य अधिकारीगण, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।