Breaking News

6/recent/ticker-posts

Header Ads Widget

सी-स्कीम तथा बस्ती निवासियों ने पुनर्वास की मांग को लेकर धरना एवं प्रदर्शन किया

जयपुर। जयपुर के सहकार मार्ग स्थित भोजपुरा कच्ची बस्ती में जयपुर विकास प्राधिकरण द्वारा बिना किसी पूर्व सूचना के बस्ती के मकानों को बुल्डोजर एवं जेसीबी से तोडऩे, निवासियों के सामान इत्यादि नष्ट करने व जनता की जान जोखिम में डालने के विरूद्ध प्रदेश कांग्रेस कमेटी की उपाध्यक्ष एवं मीडिया चेयरपर्सन डॉ. अर्चना शर्मा के नेतृत्व में आज ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सी-स्कीम तथा बस्ती निवासियों ने पुनर्वास की मांग को लेकर धरना एवं प्रदर्शन किया तथा जेडीए द्वारा किए जा रहे निर्माण कार्य को रूकवा दिया। जिस पर जयपुर विकास प्राधिकरण के जोन नं. 3 के उपायुक्त कमलेश श्री आबूसरिया मौके पर पहुंचे जिनका घेराव किया गया। तो उन्होंने डॉ. अर्चना शर्मा को दिनांक 21 मई, 2015 तक सभी कच्ची बस्ती वासियों का सर्वे पूर्ण करने तथा उसके पश्चात् तुरन्त पुनर्वास हेतु कैम्प लगाने, विस्थापितों को जयसिंहपुरा वास तथा जयसिंहपुरा खोर में ही बसाने व उचित मुआवजा दिलवाने का आश्वासन दिया। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष स्वर्णिम चतुर्वेदी ने बताया कि धरने को सम्बोधित करते हुए डॉ. अर्चना शर्मा ने कहा कि जब से भाजपा की सरकार बनी है गरीब तथा कच्ची बस्ती वासियों का जीना मुश्किल हो गया है और इस सरकार का एक ही मकसद है कि गरीब और गरीबों के आशियाने को उजाडऩा। उन्होंने कहा कि यह सरकार गरीबी उन्मूलन में विश्वास नहीं करती, क्योंकि इस सरकार का ध्येय पूंजीपतियों को संरक्षण प्रदान कर गरीबों का उन्मूलन करना है। चतुर्वेदी ने बताया कि धरने के दौरान जयपुर विकास प्राधिकरण के उपायुक्त कमलेश श्री आबूसरिया ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी की उपाध्यक्ष डॉ. अर्चना शर्मा के नेतृत्व स्थानीय निवासियों के प्रतिनिधिमण्डल से एक घण्टे तक वार्ता की तथा दिनांक 21 मई तक बस्ती के पुनर्वास हेतु सम्पूर्ण प्रक्रिया पूर्ण कर कैम्प लगाने का आश्वासन दिया तथा यह तय किया गया कि बस्ती वासियों का सामान मौके पर ही रहेगा मकान आवंटन होने पर बस्तीवासी स्वयं अपना सामान लेकर चले जाएंगे। धरने को मुख्य रूप से डॉ. अर्चना शर्मा, स्वर्णिम चतुर्वेदी, अनवर खान, पूरणनाथ सपेरा, बाबू खान, कैलाश मीणा, लोकेश सैनी एवं रामावतार मीणा ने सम्बोधित किया।