जैसलमेर। जिला कलक्टर विश्वमोहन शर्मा की अध्यक्षता में ग्राम पंचायत लाठी के सीनियर माध्यमिक विद्यालय प्रांगण में शुक्रवार को रात्रि चैपाल का आयोजन हुआ जिसमें शर्मा ने धैर्य के साथ ग्रामीणों की जन समस्याएं सुनीं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप आमजन की समस्याओं को ग्राम पंचायत मुख्यालय पर ही निराकरण करने के लिए इन रात्रि चैपालों का आयोजन किया जा रहा है जिसमें अधिकारियों एवं ग्रामीणों को एक मंच प्रदान करके उनकी समस्याएं सुनी जाती हैं एवं जहां तक संभव हो, वहां उनका निराकरण भी किया जाता है। रात्रि चैपाल में जिला पुलिस अधीक्षक डाॅ राजीव पचार, मुख्य कार्यकारी अधिकारी बलदेव सिंह उज्ज्वल, उपखंड अधिकारी पोकरण नरेंद्र पाल सिंह शेखावत, विकास अधिकारी टीकमाराम चैधरी, तहसीलदार नारायण गिरि के साथ ही विभागीय अधिकारी एवं अच्छी संख्या में ग्रामीण जन उपस्थित थे। रात्रि चैपाल का मुख्य आकर्षण यह रहा कि जिला कलक्टर ने एक-एक व्यक्ति से उनकी सार्वजनिक एवं व्यक्तिगत समस्याएं संबंधी प्रार्थना पत्र प्राप्त किए एवं उन्हें हाथोंहाथ संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्रस्तुत किया। रात्रि चैपाल में अधिकारियों ने ग्रामीणों के समक्ष ही उनके द्वारा पेश की गई समस्याओं के संबंध में किस प्रकार कार्यवाही की जाएगी, उसके बारे में उन्हें विस्तार से अवगत कराया एवं कई समस्याओं का मौके पर भी निराकरण किया। रात्रि चैपाल में विजय कुमार धोलिया ने विद्युत कनेक्शन की फाईल जमा नहीं करने, गंगाराम की ढाणी के विजय कुमार ने विद्युत फाइलें जमा नहीं करने, हनुमान राम एवं अन्य धोलिया के ग्रामीणों ने जंभेश्वर नगर के पूर्वी भाग में नया ट्रांसफार्मर लगाने के संबंध में प्रार्थना पत्र जिला कलक्टर के समक्ष पेश किए। उन्होंने अधिशाषी अभियंता विद्युत से इसकी जानकारी ली तो उन्होंने बताया कि जंभेश्वर नगर में तीन-चार दिवस में नया ट्रांसफार्मर लगा दिया जाएगा, वहीं गंगाराम की ढाणी में गैर आबाद भूमि पर लोग बैठे हैं, उन्हें विद्युत कनेक्शन दिया जाना संभव नहीं है।
रात्रि चैपाल में बाबूलाल धोलिया एवं अन्य ग्रामीणों ने खसरा नंबर 29 के गैर मुमकिन रास्ता कटान के संबंध में प्रार्थना पत्र पेश किया, इस संबंध में जिला कलक्टर ने उपखंड अधिकारी पोकरण को जांच करके आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार हजारीराम भील ने श्मशान भूमि आवंटित कराने की मांग की, तो इस संबंध में जिला कलक्टर ने तहसीलदार पोकरण को इसकी जांच करके आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए। रात्रि चैपाल में रूमाल नाथ एवं अन्य ग्रामीणों ने गरीब परिवारों को खाद्य सुरक्षा कार्यक्रम की सूची में जोड़ने के संबंध में मांग की तो इस संबंध में जिला कलक्टर ने पटवारी एवं ग्रामसेवक को निर्देश दिए कि वे इन गरीब परिवारों का सत्यापन करके यदि वे वास्तव में खाद्य सुरक्षा के लिए पात्र हैं, तो उनके नाम जोड़ने की कार्यवाही कराएं। लाठी के बगड़ाराम ने अंबेडकर काॅलोनी में किए गए अतिक्रमण हटाने के संबंध में आग्रह किया तो इस संबंध में तहसीलदार को उसकी जांच कर अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार लाठी के ग्रामीणों ने बताया कि रेल्वे स्टेशन के पास राजकीय भूमि पर लोगों ने अतिक्रमण कर रखें हैं, उनको हटवाएं। इसके लिए जिला कलक्टर ने उपखंड अधिकारी को निर्देश दिए कि वे इसकी जांच करके यदि अतिक्रमण हो तो उन्हंे तत्काल हटाने की कार्यवाही करें। जिला कलक्टर ने ग्रामीणों से क्षेत्र की पेयजल, विद्युत, चिकित्सा एवं अन्य विभागीय सेवाओं के बारे में विस्तार से जानकारी भी ली। उन्होंने लाठी में आयोजित हुए राजस्व लोक अदालत में राजस्व अधिकारियों द्वारा किए गए राजस्व प्रकरणों के बारे में भी पूछताछ की तो ग्रामीणों ने बताया कि इन लोक अदालतों से ग्रामीणों को अवश्य ही लाभ मिल रहा है। जिला कलक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जो भी प्रार्थना पत्र ग्रामीणों ने उन्हें प्रदान किए हैं, उसमें गंभीरता से कार्यवाही करते हुए उनके निस्तारण करने की कार्यवाही करें। उन्होंने कहा कि इन प्रार्थना पत्रों को राजस्थान संपर्क पोर्टल में भी दर्ज करके इनमें क्या कार्यवाही की गई है, उसकी भी प्रभावी माॅनीटरिंग की जाएगी। जिला पुलिस अधीक्षक डाॅ पचार ने ग्रामीणों से पंचायत क्षेत्र की कानून व्यवस्था के बारे में जानकारी ली एवं कहा कि गांव में किसी भी असामाजिक तत्व द्वारा कोई कृत्य किया जाता है तो उसके संबध्ंा में निकटतम पुलिस थाने को अवश्य ही बताएं ताकि उस संबध्ंा में तत्काल कार्यवाही की जा सके।
रात्रि चैपाल में अधिशाषी अभियंता विद्युत जेआर गर्ग, ब्लाॅक चिकित्सा अधिकारी डाॅ अनिल गुप्ता, उप निदेशक महिला एवं बाल विकास शोभा चारण, विकास अधिकारी टीकमाराम चैधरी, बैंक के शाखा प्रबंधक के साथ ही अन्य विभागीय अधिकारियों ने अपने विभाग में संचालित जन कल्याणकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी एवं ग्रामीणों से आग्रह किया कि वे इसका पूरा लाभ उठाएं। ग्रामीणों ने इस मंच पर खुलकर के अपनी समस्याओं को जिला कलक्टर के समक्ष निराकरण के लिए पेश किया, वहीं कई समस्याओं का समाधान भी मौके पर हुआ।