बीकानेर। वन, पर्यावरण व खान राज्य मंत्री राजकुमार रिणवा ने कहा कि बीकानेर में मंगलवार को आए तेज अंधड़ से प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में सभी को समन्वय के साथ योजनाबद्घ रूप से कार्य करना होगा, जिससे पीडि़त व्यक्तियों को तत्काल राहत मिल सके। रिणवा बुधवार को बीकानेर सर्किट हाउस सभागार मेें अंधड़ से हुए नुकसान व इसके राहत कार्यों के संबंध में आयोजित जिला अधिकारियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे। श्री रिणवा ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि अतिरिक्त स्टॉफ लगाकर,जिन स्थानों पर अभी तक विद्युत आपूर्ति बहाल नहीं की जा सकी है ,वहां तत्काल प्रभाव से विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि तूफान से प्रभावित किसानों को हरसंभव सहायता दी जायेगी, साथ ही पशुओं को पानी व चारे की दिक्कत न हो, इसका भी ध्यान रखा जायेगा। उन्होंने जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि अंधड़ की वजह से ग्रामीण क्षेत्रों में जिन स्थानों पर पेयजल व्यवस्था बाधित हुई है, वहां आवश्यकतानुसार टैंकर के माध्यम से पेयजल आपूर्ति की जाए। उन्होंने सार्वजनिक निर्माण विभाग के अभियन्ताओं को निर्देश दिए कि अंधड़ के कारण सड़क पर गिरे पेड़ों को तुरन्त हटाया जाए,जिससे संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके। बैठक में जिला कलक्टर पूनम, अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रशासन) हरि प्रसाद पिपरालिया, अतिरिक्त जिला कलक्टर (नगर) अजय कुमार पाराशर, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी बीएल मेहरड़ा, उप खण्ड अधिकारी ओम प्रकाश, मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ.आर.ए.बम्ब सहित बिजली, पानी, उद्योग, स्वास्थ्य, सार्वजनिक निर्माण व श्रम विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।
---
---
