खबर - जीतेन्द्र सिंह राजावत
चार पांच दिन पुराने है दोनों के शव
जयपुर। शहर के शिप्रा पथ थाना इलाके में देर रात एक मकान में अधेड मां और बेटी के रक्तरंजित शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। चार दिनों से बंद मकान से बदबू आने तथा दरवाजा नहीं खोलने पर पडौसियों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दरवाजा तोडकर देखा तो मां और बेटी के शव कमरे में पड़े थे। पुलिस ने प्रथम दृष्टया लूट के लिए हत्या किए जाने की आशंका व्यक्त की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शिप्रापथ थाना इलाके की एसएफएस कालोनी के सैक्टर पांच में राजरानी (80)और उसकी पुत्री पूजा (60)के शव मिले हैं। पडौसियों ने पुलिस को बताया कि मृतक मां बेटी साथ ही रहती थी तथा उनका पुत्र इन्द्रजीत धौलपुर में रहता है। देर रात इंद्रजीत ने अपनी मां पूजा को फोन किया था तथा उसके नहीं उठाने पर उसने पडौसियों से बात कराने के लिए कहा। इस पर जब पडौसियों ने दरवाजा खटखटाया तो किसी ने दरवाजा नहीं खोला तथा मकान से बदबू आ रही थी। पडौसियों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दरवाजा तोडकर देखा तो दोनो शव कमरे में पडे हुए थे। दोनों के हाथ पीछे की ओर बंधे हुए थे तथा मुंह में भी कपड़ा बंधा हुआ था। उनके सिर पर बौथरे हथियार से वार कर उनकी हत्या की गई थी। मौके पर खून फैला हुआ था मकान का पूरा सामान अस्त व्यस्त था। पुलिस का मानना है कि लूट के इरादे से हत्यारे मकान में दाखिल हुए तथा सामान लूटकर छत के रास्ते से भाग निकले हैं।