खबर हिमांशु मिढ़ा
हनुमानगढ़। बंद रेलवे फाटक के नीचे से निकलने व अन्य रेल दुर्घटनाओं में आमजन की सावधानी के लिए मंगलवार को नागरिक सुरक्षा संगठन द्वारा जंक्शन में जागरूकता रैली निकाली गई। वरिष्ठ मण्डल संरक्षा अधिकारी अनिल कुमार चोयल बीकानेर, आनंद सिंह, रणजीत गार्ड के नेतृत्व में रेलवे कर्मचारियों ने रैली निकालकर लोगों को सावधानियां बरतने के लिए जागरूक किया। इससे पूर्व रैली को जंक्शन रेलवे स्टेशन से वरिष्ठ मण्डल संरक्षा अधिकारी अनिल कुमार चोयल ने हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। रैली के दौरान वरिष्ठ मण्डल संरक्षा अधिकारी अनिल कुमार चोयल ने बताया कि रेलवे फाटक का क्या महत्व होता है। सुरक्षा के दृष्टिकोण से बंद फाटक को पार करना काफी खतरनाक होता है। ऐसा भूलकर भी नहीं करना चाहिए। उन्होंने बताया कि रेलवे फाटक बहुत से लोग बंद होने पर भी पार करते हैं। यह खतरे से खाली नहीं है। साथ ही कभी भी रेलवे फाटक से सटकर वाहनों को नहीं खड़ा करना चाहिए। कहीं-कहीं ऐसा भी होता है कि फाटक मानव रहित होता है। वैसी जगहों पर पहले रुकना चाहिए। फिर दिन है तो गाड़ी की आवाज या रात के समय रोशनी से आती हुई ट्रेन का आभास करने के बाद ही फाटक पार करना चाहिए। कोई भी रेल फाटक लोगों की सुरक्षा के लिए ही लगाया जाता है। रेलवे स्टेशन से शुरू हुई रैली भगत सिंह चौक, बस स्टेण्ड सहित शहर के अन्य मुख्य-मुख्य मार्गांे से होती हुई पुन: रेलवे स्टेशन पहुंचकर सम्पन्न हुई।
