जयपुर। उच्च शिक्षा एवं सैनिक कल्याण मंत्री कालीचरण सराफ ने कहा है कि राष्ट्र की रक्षा करने वाले सैनिकों की समस्या के निदान के लिए राज्य सरकार हरसंभव प्रयास करेगी। उन्होंने कहा कि राजस्थान आन-बान-शान की संस्कृति वाला प्रदेश होने के साथ देश की रक्षा सेवाओं में प्रदेश के लगभग एक लाख सैनिक दुर्गम स्थानों पर देश की सेवा कर रहे हैं। सराफ सोमवार को यहां सैनिक कल्याण विश्राम गृह में राजस्थान सैनिक सहायता कॉल सेन्टर का विधिवत् उद्घाटन के बाद आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व सैनिकों को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री बजट घोषणा में पूर्व सैनिकों के कल्याण के लिए चलाई जा रही योजनाओं में दुगुने बजट का प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सैनिकों को दूरदराज इलाकों में अपनी सेवाओं के दौरान सामने आने वाली मानसिक व सामाजिक समस्याओं के निराकरण हेतु राज्य सरकार की पहल पर देश के पहले सैनिक सहायता कॉल सेन्टर की स्थापना की गई है। यह सेन्टर अन्य राजकीय कार्यालयों की तरह कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लगभग 2 लाख 50 हजार से ज्यादा पूर्व सैनिक एवं उनकी वीरांगना व बच्चे निवास करते हैं तथा प्रदेश के एक लाख से अधिक सैनिक देश की रक्षा के लिए कार्य कर रहे हैं। राज्य में 29 स्थानों पर सैनिक विश्राम गृह संचालित हैं तथा टोंक जिले में 60 लाख रुपये की लागत से नया सैनिक विश्राम गृह तथा झुन्झुनूं में राज्य सरकार ने 75 एकड़ भूमि का सैनिक विद्यालय के लिए नि:शुल्क आवंटन किया गया है। विद्यालय का संचालन आगामी शिक्षा सत्र से चालू हो जाएगा। जोधपुर में 6.5 करोड़ रुपये की लागत से सैनिकों के बच्चों को पढ़ाई के लिए छात्रावासों का निर्माण कार्य करवाया जा रहा है तथा जयपुर, झुन्झुनूं एवं सीकर में पहले से ही यह छात्रावास संचालित है। सैनिक कल्याण मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा द्वितीय विश्व युद्घ में नॉन पेन्शनरों को तीन हजार से बढ़ाकर 4 हजार रुपये पेन्शन राशि की है। इसी प्रकार विभिन्न शौर्य चक्र से सम्मानित होने पर दी जाने वाली पुरस्कार राशि को भी बढ़ाया गया है। पूर्व सैनिकों एवं सेवारत सैनिकों की समस्याओं के समाधान के लिए जिला स्तर एवं उपखण्ड स्तर पर समितियों का गठन किया गया है जिसके माध्यम से पूर्व सैनिकों की समस्याओं का समाधान किया जा रहा है। इस अवसर पर सैनिक कल्याण विभाग के निदेशक एस.के. शर्मा ने राजस्थान को सेना की नर्सरी बताते हुए कहा कि प्रदेश के सैनिक देश के विभिन्न क्षेत्रों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि सैनिकों एवं पूर्व सैनिकों की समस्याओं के निराकरण के लिए ही यह देश का काल सेन्टर स्थापित किया गया है। कॉल सेन्टर का टोल फ्री जिसका नं.1800-180-6212 है। जिस पर कोई भी सेवारत एवं पूर्व सैनिक अपनी समस्याओं के बारे में शिकायत दर्ज करवा सकते हैं। उन्होंने बताया कि राज्य स्तर पर गठित मॉनिटरिंग कमेटी का गठन किया गया जिसकी हर तीन माह में बैठक आयोजित की जायेगी। इस अवसर पर जिला सैनिक कल्याण अधिकारी रविन्द्र कुमार माथुर, सेवानिवृत कर्नल ए.एम. राठोर, जयपुर कमान्डर अजीत सिंह, जनरल विनोद कुमार सहित अनेक सैनिक अधिकारी उपस्थित थे।
---