खबर - गौरव चतुर्वेदी
देवली। जहाजपुर सार्वजनिक निर्माण विभाग द्वारा सडक़ मरम्मत में घोर लापरवाही बरतते हुए ग्रेवल सडक़ के स्थान पर क्रेशर डस्ट डाल कर लोगों का जीना हराम कर दिया है। ग्रामीणों द्वारा क्रेशर डस्ट का विरोध करने पर डस्ट डाल रहे ट्रक चालक ने ट्रेक्टर चालक से कहा कि पब्लिक तो ऐसे ही चिल्लती रहेगी, अपने को तो जो काम कहा है उतना करना है। प्राप्त जानकारी अनुसार सार्वजनिक निर्माण विभाग जहाजपुर द्वारा देवली शहर के राजकीय चिकित्सालय के दक्षिण कार्नर से कुंचलवाड़ा माताजी तक पहले से निर्मित्त सडक़ पर डामरीकरण करना था, जिसमें से तीन स्थानों पर अत्यधिक पानी भराव होने के कारण सीसी रोड़ भी बनानी थी, सीसीरोड़ के दोनों तरफ डेढ़-डेढ़ मीटर में ग्रेवल सडक़ बनानी थी। ठेकेदार बन्ना लाल जाट कंस्ट्रक्शन कम्पनी के वाहनों ने पहले तो तीनों स्थान पर सीसी रोड़ का निर्माण कर दिया तथा रोड़ के दोनों तरफ क्रेशर डस्ट डालकर अपने काम की इतिश्री कर ली, क्रेशर डस्ट डालने से लोगों का सडक़ पर चलना भी दुश्वर हो गया तथा डस्ट के कारण पक्की सडक़ व कच्ची डस्ट का पता नहीं चलने से शनिवार को ही कई वाहन चालक गिरकर घायल हो गये। इसी प्रकार शनिवार व रविवार को ट्रेक्टर चालक पारोली निवासी गोपाल ने क्रेशर डस्ट को फैलाने का काम शुरू किया तो ग्रामीणों ने विरोध किया तो उसने कहा कि आप एईएन से बात कर लो, जब ग्रामीणों ने कहा कि बात करवा दो तो एईएन के बजाय किसी सत्यनारायण चौधरी से बात करवाई। जब ग्रामीणों ने सत्यनारायण से एईएन का नम्बर मांगा तो उन्होनें मना कर दिया, उल्टे गाली गलोच कैसे करते हो का जबाब मांगने लग गया।
नहीं लगाये थे चेतावनी बोर्ड:-सडक़ निर्माण के वक्त भी सडक़ के दोनों तरफ रास्ता बंद होने के चेतावनी बोर्ड नहीं लगाये थे जिससे कई वाहन चालकों को आगे जाकर बड़ी मुश्किल से वापस आना पड़ा था।
इनका कहना है कि:- कुंचलवाड़ा रोड़ पर निर्मित्त सीसी रोड़ के दोनों तरफ डेढ़-डेढ़ मीटर में ग्रेवल सडक़ बनानी थी, ठेकेदार ने किसी कारणवश (बरसात में ग्रेवल नहीं मिलने के कारण) क्रेशर डस्ट डाल दी है जिसको सितम्बर तक सही करवा देंगे। गेगाराम मीणा सहायक अभियंता सार्वजनिक निर्माण विभाग जहाजपुर