Breaking News

6/recent/ticker-posts

Header Ads Widget

जोधपुर में दो नए औद्यागिक क्षेत्रों को विकसित किया जाएगा - उद्योग मंत्री

जोधपुर । उद्योग मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने कहा है कि औद्योगिक विकास सम्बंधी जो भी समस्याएं हैं उनको हल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जोधपुर में एक हजार एकड़ से अधिक भूमि पर दो नए औद्योगिक क्षेत्र विकसित किए जाएंगे। खींवसर रविवार को जोधपुर में मण्डोर इण्डस्ट्रीज एसोसियेशन भवन के लोकार्पण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि कांकाणी व जैसलमेर रोड पर रीको द्वारा नए औद्योगिक क्षेत्रों को विकसित करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है और इसको शीघ्र ही विकसित किया जाएगा जिससे उद्योग क्षेत्र में फायदा मिलेगा और जरूरतमंदों को रोजगार भी मुहैया होगा। उन्होंने उद्यमियों की मांगों के समाधान के सम्बन्ध में कहा कि हम मिल बैठकर विचार विमर्श करें, जो भी समस्याएं या मांगें होगी उनका हल निकाला जाएगा। उद्योग मंत्री ने कहा कि मण्डोर इण्डस्ट्रीज एसोसियेशन ने मिलजुल कर निवेश किया जिससे उनका भवन तैयार हो गया। यह बहुत ही सराहनीय है। उन्होंने कहा कि विश्व में मंदी के दौर का प्रभाव हमारे देश पर भी आया है मगर औद्योगिक विकास के लिए हम सतत प्रयत्नशील हैं। उद्योग मंत्री ने मुख्यमंत्री जल स्वावलम्बन योजना पर चर्चा करते हुए कहा कि 27 जनवरी से शुरु हो रही इस योजना में पीने के पानी के लिए स्वयं को आत्मनिर्भर बनाना है। वर्षा के जल का संरक्षण जरूरी है। जल संग्रहण करना हमारा नैतिक दायित्व है। मुख्यमंत्री द्वारा प्रदेश में जो यह योजना लायी गयी है उसमें हम सभी को सहभागिता निभानी है। उन्होंने कहा कि सरकार ने जल संचय की कमान सम्भाली है, अब इसे जन आन्दोलन बनाकर मुख्यमंत्री की एक संकल्पना को साकार करना है। सांसद गजेन्द्रसिंह शेखावत ने अपने अध्यक्षीय सम्बोधन में कहा कि आज समय इण्डस्ट्रीज रिवोलेशन का है। वैश्वीकरण युग में हमारे पास औद्योगिक विकास के सभी कम्पोनेंट हैं और औद्योगिकीकरण व उद्यमिता विकास में आगे बढ़ रहे हैं। हम ऐसे प्रयास करते रहें और इण्डस्ट्रीज को आगे बढ़ाएं जिससे लोगों को रोजगार भी मिले। विधायक जोगाराम पटेल ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
समारोह में जिला प्रमुख पूनाराम चौधरी, महापौर घनश्याम ओझा, पूर्व मंत्री राजेन्द्र गहलोत विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित थे।