उपखण्ड अधिकारी गुप्ता ने ली बादशाह मेला व्यवस्था संबंधी बैठक
ब्यावर। उपखण्ड अधिकारी आशीष गुप्ता ने कहा कि ऐतिहासिक महत्व के बादशाह मेले के आयोजन को सभी के सहयोग व समन्वय से सफल बनाते हुए इस पर्व को उत्साह व हर्षोल्लास से मनाया जाएगा।
गुप्ता आज उपखण्ड अधिकारी कार्यालय सभागार में आगामी बादशाह मेले की व्यवस्थाओं के संबंध में आयोजित बैठक को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि ऐतिहासिक बादशाह का मेला ब्यावर शहर ही नहीं अपितु दूरदराज के पर्यटकों के लिए भी आकर्षण का केन्द्र रहा है, इस आयोजन की सफलता हेतु आपसी समन्वय से व्यवस्थाओं को पूर्ण किया जाएगा। इस मौके पर उन्होंने श्री बादशाह मेला समिति एवं विभिन्न विभागों द्वारा मेले के दौरान की जाने वाली व्यवस्थाओं व उत्तरदायित्व की जानकारी ली। बैठक मेें बादशाह मेला समिति के संयोजक राजेन्द्र एन.अग्रवाल ने बताया कि बादशह मेले का आयोजन ब्यावर की स्थापना के समय से किया जा रहा है जिसमें सभी धर्म, जाति व वर्ग के लोग उत्साह व उमंग से भाग लेते हैं। उन्होंने बताया कि बादशाह की सवारी अग्रवाल समाज द्वारा प्रशासन व आमजन के सहयोग से निकाली जाती है, जिसमें एक ट्रक पर बादशाह के रूप में अग्रवाल समाज का व्यक्ति होता है और ट्रक अथवा सवारी के आगे ब्राह्मण समाज का व्यक्ति बीरबल के प्रतीक के रूप में नृत्य करता हुआ चलता है। साथ ही उन्होंने बताया कि बादशाह की सवारी के मार्ग में सिर्फ लाल गुलाल का ही प्रयोग किया जाता है। समिति के श्री रमेश बंसल ने बादशाह मेले के संदर्भ में ऐतिहासिक किंवदन्ति की जानकारी देते हुए बताया कि इस मेले के दौरान ब्यावर समेत अन्य क्षेत्रों से लगभग १० हजार लोगों की भीड़ यहां जुटती है जो एक दूसरे को गुलाल लगाते हैं एवं बादशाह से गुलाल की खर्ची प्राप्त करने का प्रयास करते हैं। इस दौरान प्रशासन के सहयोग से लगभग १०० स्वयंसेवक व्यवस्थाओं में सहयोग करते हैं।
