Breaking News

6/recent/ticker-posts

Header Ads Widget

आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रकृति का संरक्षण जरूरी ः खर्रा

मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अंतर्गत दीनारपुरा में जिला स्तरीय वन महोत्सव के दौरान लगाए गए एक हजार पौधे, विधायक खर्रा, जिला प्रमुख रोलन, शासन सचिव दक, एडीएम चौधरी, पूर्व विधायक भिंडा, प्रधान सुनीता सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, ग्रामीण व विद्यार्थियों ने की शिरकत
सीकर। मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान के अंतर्गत जिले के फतेहपुर ब्लॉक के दीनारपुरा गांव में स्थित पक्का जोहड़ पर गुरुवार को आयोजित जिला स्तरीय वन महोत्सव के दौरान विभिन्न प्रजातियों के एक हजार पौधे लगाए गए। श्रीमाधोपुर विधायक झाबर सिंह खर्रा, जिला प्रमुख अपर्णा रोलन, वन विभाग के शासन सचिव वाई के दक, पूर्व विधायक बनवारी लाल भिंडा, एडीएम पीसी चौधरी, प्रधान सुनीता सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, ग्रामीणों एवं विद्यार्थियों ने कार्यक्रम में शिरकत कर पौधे लगाए तथा पौधरोपण में जुटे विद्यार्थियों, कर्मचारियों एवं आमजन का उत्साह बढाया। 
इस अवसर में राजकीय माध्यमिक विद्यालय में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि श्रीमाधोपुर विधायक झाबर सिंह खर्रा ने कहा कि एक समय था जब व्यक्ति किसी भी काम को करते समय सात पीढ़ियों पर उसके प्रभाव की चिंता करता था लेकिन अब व्यक्ति स्वकेंद्रित होता जा रहा है और उसे अपने स्वार्थ के अलावा कुछ और दिखाई नहीं दे रहा है। प्रकृति व जल का अत्यधिक दोहन भी इसी सोच का नतीजा है लेकिन हमें आने वाली पीढ़ियों के लिए जल एवं प्रकृति को बचाना होगा। हमारे द्वारा लगाया गया प्रत्येक पौधा न केवल हमारे काम आएगा, अपितु आने वाली पीढ़ियों का सुखद भविष्य भी इससे सुनिश्चित होगा। उन्होंने कहा कि सरकार जिस भी अभियान या योजना को लागू करती है, उसे अपना ही समझें क्योंकि उसमें जनता के कर से एकत्र किया हुआ पैसा ही लगता है, इसलिए पाई-पाई का हिसाब रखना चाहिए और सरकारी कार्यों में रूचि लेकर उन्हें सफल बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रकृति का हमारे जीवन में बहुत महत्व है। खेती करने वाले जानते हैं कि प्रतिकूल हवा चलती है तो छाए हुए बादल भी निराश कर लौट जाते हैं और अनुकूल हवा चलने पर दूर की बदलियां भी आकर बारिश कर जाती है। प्राणवायु ऑक्सीजन हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण है और पेड़ों को बचाकर ही हम मनुष्य के जीवन को सुरक्षित कर सकते हैं। 
आमजन के सहयोग से ही मिलेगी सफलता
समारोह की अध्यक्षता करते हुए जिला प्रमुख सुश्री अपर्णा रोलन ने कहा कि हमारे राजस्थान में इतना तापमान रहता है कि घर से निकलते ही हम किसी न किसी पेड़ की तलाश में रहते हैं। ऎसे में हमें अधिक से अधिक पेड़ लगाने चाहिए। रोलन ने अपनी मिजोरम यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि वहां इतनी सघन हरियाली होने के बावजूद लोग पौधरोपण के काम में लगे रहते हैं, ऎसे में हमें राजस्थान की स्थिति को देखते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार के कार्यक्रमों व योजनाओं को समझें और उनमें सहयोग करें। आमजन के सहयोग के बिना किसी भी अभियान को अपेक्षित सफलता मिलना मुश्किल है। 
देश की सबसे बड़ी जल संरक्षण योजना है एमजेएसए
वन विभाग के शासन सचिव वाई के दक ने कहा कि मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान देश की अब तक की सबसे बड़ी जल संरक्षण योजना है। तीस जून तक प्रदेश में जल संरक्षण के लिए 90 हजार जल संरचनाओं का काम पूरा किया जा चुका है। इस स्केल पर किसी भी सरकारी योजना की मॉनीटरिंग नहीं हुई है। इस अभियान में जन सहयोग भी भरपूर मिला है और मशीनरी, श्रमदान के अलावा 53 करोड़ रुपए दानदाताओं ने दिए हैं। प्रदेश के 3529 गांवों में यह काम किए गए हैं और अब दूसरे चरण की तैयारियां जोरों पर है। 
पौधरोपण में आम आदमी की भूमिका अहम
एडीएम प्रकाश चंद्र चौधरी ने कहा कि आम व्यक्ति पौधरोपण की दृष्टि से बहुत काम कर सकता है क्योंकि 95 प्रतिशत जमीन तो किसानों के पास है। सरकार इस अभियान के जरिए जल व प्रकृति संरक्षण की दिशा में वातावरण बनाने का काम कर रही है। उन्होंने जिले में एमजेएसए अंतर्गत हुए कामों की जानकारी दी। विशिष्ट अतिथि पूर्व विधायक बनवारी लाल भिंडा, जिला परिषद सदस्य जितेंद्र सिंह कारंगा, सीईओ केएल बाडे़तिया, हरलाल सिंह, मामराज जाखड़, रामप्रसाद आदि ने भी विचार व्यक्त करते हुए जल बचाने व पेड़ लगाने की बात कही। डीएफओ ने स्वागत करते हुए जिलेभर में आयोजित वन महोत्सव के बारे में बताया। संचालन राकेश लाटा ने किया। समारोह के दौरान स्काउट-गाइड की ओर से अमृता देवी के बलिदान पर आधारित नाटिका के जरिए पेड़ बचाने का संदेश दिया गया।  
पौधरोपण में रही इनकी भागीदारी
इस दौरान पूर्व पालिकाध्यक्ष मधुसूदन भिंडा, एमजेएसए प्रभारी अधीक्षण अभियंता राजेंद्र प्रसाद, डीईओ रेखाराम खीचड़, डीटीओ मगनीराम,एसीएफ गुलझारी लाल, रेंजर देवेंद्र राठौड़, एसडीएम पुष्कर राज शर्मा, तहसीलदार कपिल उपाध्याय, सीओ स्काउट बसंत लाटा सहित बड़ी संख्या में मौजूद अधिकारियों अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, आमजन व विद्यार्थियों ने बड़, पीपल, नीम, शीशम, गूलर आदि प्रजातियों के एक हजार पौधे लगाए। स्काउट सीओ बसंत लाटा के नेतृत्व में स्काउट्स-गाइड्स के निमावत पब्लिक स्कूल, बीएड कॉलेज सहित विभिन्न संस्थाओं के विद्यार्थियों ने भी भरपूर श्रमदान किया।