खबर - हिमांशु मिढा
हनुमानगढ़। जंक्शन स्थित गुरुद्वारा शहीद बाबा दीप सिंह जी में 8 फरवरी से शुरू सालाना शहीदी समागम के उपलक्ष में निकाली जा रही प्रभात फेरी में आस्था की फेरी प्रभात फेरी जो कि सुबह 4:30 बजे से 7:00 बजे तक निकाली जा रही है जिसमें सैंकड़ों की संख्या में संगत अपनी हाजिरी लगा कर धर्म लाभ प्राप्त कर रही है। रविवार को प्रभात फेरी की सेवा हाउसिंग बोर्ड स्थित महंगा सिंह प्रीत एवं राजेंद्र सिंह पिंटू के परिवार द्वारा की गई जिसमें सुखमणि साहिब के पाठ एवं संगतो द्वारा शब्द कीर्तन किया गया। प्रभात फेरी के दौरान संगतो द्वारा हाउसिंग बोर्ड की गलियों में पैदल शब्द कीर्तन करते हुए सरदार जसविंदर सिंह के घर पहुंचकर परिवार की सुख शांति की अरदास की गई और शब्द कीर्तन किया गया। अमृत वेले पैदल चल रही प्रभात फेरी का जगह-जगह संगतो द्वारा पुष्प वर्षा से स्वागत किया गया। गुरुद्वारा प्रबंध समिति के मुख्य सेवादार भाई बलजीत सिंह बिल्ला ने बताया कि 24 फरवरी को प्रभात फेरी की समाप्ति विशेष कार्यक्रम के साथ होगी जिसमें सुबह 4:30 बजे पांच प्यारों की अगुवाई में श्री गुरु ग्रंथ साहब फूलों से सजी पालकी में विराजमान होकर पैदल अमृत वेले नगर कीर्तन करती हुई संगतो के साथ चलेंगे। प्रबंधक कमेटी द्वारा संगतो से आवाहन किया है कि पालकी की सेवा कर धर्म लाभ प्राप्त करें और 24 फरवरी को अमृत वेले पैदल नगर कीर्तन प्रभात फेरी सुबह 5:00 बजे भगत नामदेव गुरुद्वारा एवं 6:15 बजे गुरुद्वारा श्री गुरु तेग बहादुर साहिब में पहुंचेगी जहां प्रबंध कमेटी एवं इलाके की संगतो द्वारा प्रभात फेरी नगर कीर्तन का भव्य स्वागत किया जाएगा। इसके पश्चात 7:00 बजे मास्टर सुरेंद्र सिंह के घर प्रभात फेरी नगर कीर्तन पहुंचेगा तत्पश्चात 7:30 बजे श्री गुरुद्वारा साहिब में अरदास के साथ समाप्ति होगी। संगतों से अपील है कि 24 फरवरी को अधिक से अधिक धर्म लाभ प्राप्त करें।
