प्रतापगढ़। कृषि उपज मंडी में सोमवार से संभावित जींसों की भारी आवक के
मध्येनजर मंडी प्रशासक अतिरिक्त जिला कलक्टर हेमेंद्र नागर ने रविवार को
मंडी समिति में व्यापारियों, हम्माल संघ व तुलाई करने वाले प्रतिनिधियों की
बैठक ली और अनाज खरीद में बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए
ताकि जींस लेकर आने वाले किसानों को अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना
पड़े।
एडीएम नागर ने मंडी से जुड़े व्यापारियों से कहा कि
किसानों से समन्वय स्थापित करते हुए यह कोशिश करें कि समय पर किसानों के
अनाज की खरीद, उठाव व भुगतान हो जाए। खरीदे गए अनाज के भंडारण की समुचित
व्यवस्था कर लें ताकि उसके उठाव में उन्हें दिक्कत नहीं आए। किसानों के साथ
बेहतर समन्वय बनाकर कार्य करें। किसी प्रकार की अफवाह या संदिग्ध सूचना
सामने आने पर तत्काल मंडी सचिव अथवा प्रशासन को सूचित करें।
उन्होंने
हम्माल संघ अध्यक्ष से कहा कि यह सुनिश्चित हो कि मंडी समिति से निर्धारित
दरों से अधिक हम्माली नहीं कटे। तुलाई कर्ताओं से कहा कि समय पर और सही
तोल हो जाए, यह सुनिश्चित करें। सभी वर्ग मिलजुलकर और सहयोग व समन्वय की
भावना से काम करेंगे तो किसी प्रकार की दिक्कत नहीं आएगी। नियमानुसार और
व्यवस्थित काम करेंगे तो किसी प्रकार का असंतोष नहीं होगा। उन्होंने मंडी
सचिव मदन लाल गुर्जर से कहा कि वे पूर्व की तरह बेहतर ढंग से मंडी की
व्यवस्थाओं की मॉनीटरिंग सुनिश्चित करें। उन्होंने मंडी सचिव को यह भी
निर्देश दिए कि राजीव गांधी कृषक साथी योजना, महात्मा ज्योतिबा फूले श्रमिक
कल्याण योजना, किसान कलेवा योजना का प्रभावी क्रियान्वयन किया जाए ताकि
सरकार की मंशा के अनुसार इसका समुचित लाभ संबंधित काश्तकारों व उनके परिवार
को मिले।
व्यापारियों ने किया आश्वस्त
व्यापारियों
की ओर से शांतिलाल जैन, जगदीश सोढाणी, चंद्रप्रकाश माहेश्वरी, राजेंद्र
चंडालिया, प्रवीण बोबड़ा आदि ने आश्वस्त किया कि प्रतापगढ मंडी में कभी भी
किसी प्रकार की समस्या नहीं रही है तथा आने वाले दिनों में भी व्यापारियों
की ओर से कोई शिकायत का अवसर नहीं मिलेगा। हम्माल संघ के जफरूद्दीन
मोहम्मद, तुलाईकर्ता संघ के जमनालाल शर्मा, ओमप्रकाश शर्मा आदि ने अपनी ओर
से आश्वस्त किया। इस दौरान रीजनल डिप्टी डायरेक्टर बालकृष्ण शर्मा, मंडी
सचिव मदन लाल गुर्जर व्यापारी, हम्माल एवं तुलाईकर्ता प्रतिनिधि उपस्थित
थे।
मंडी के विकास पर हुई चर्चा
बैठक के दौरान मंडी
के विकास को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। एडीएम नागर ने बताया कि मंडी के
समुचित विकास एवं मंडी से जुड़े समस्त काश्तकार, व्यापारी एवं आमजन के
हितों को ध्यान में रखते हुए मंडी समिति की ओर से भेजे गए प्रस्ताव पर कृषि
विपणन बोर्ड की ओर से साढे छह करोड़ रुपए के कार्य स्वीकृत किए गए हैं। इस
राशि से आंतरिक सड़कों का निर्माण, विभिन्न भवनों का निर्माण, नीलामी
प्लेटफॉर्म निर्माण, नाला निर्माण आदि कार्य होंगे । इसके अलावा बैठक में
जींस तुलाई के लिए ‘वे ब्रिज’ की स्थापनाओं पर भी विचार-विमर्श किया गया,
जिस पर एडीएम ने मंडी सचिव को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए।
हाईटेक होगी मंडी, खुलेगा बैंक
उन्होंने
बताया कि मंडी को हाईटेक बनाने की दिशा में काम किया जाएगा। मंडी की
बेवसाइट शुरू की जाएगी तथा एंड्रॉयड एप्प विकसित किया जाएगा। व्यापार संघ
की ओर से बताया गया कि मंडी परिसर में बैंक शाखा नहीं होने से दिक्कतों का
सामना करना पड़ता है, इस पर एडीएम नागर ने कहा कि बैंक प्रतिनिधियों से
बातचीत कर किसी बैंक की शाखा यहां खुलवाई जाएगी।
