Breaking News

6/recent/ticker-posts

Header Ads Widget

चोरियों से नाराज ग्रामीणों ने कंजर बस्ती पर बोला हमला, बाइक में लगाई आग

खबर - पंकज पोरवाल
शकरगढ़ पुलिस पहुंची मौके पर, घरों को छोड़कर भागे कंजर जाति के लोग
चोरी से खफा खजूरी के व्यापारियों ने किया बाजार बंद
भीलवाड़ा । जिले के जहाजपुर उपखण्ड क्षेत्र के खजूरी के ग्रामीणों ने बढ़ती चोरियों की वारदातों से खफा होकर बुधवार सुबह रजवास गांव में कंजर बस्ती पर धावा बोल दिया। यहां एक दर्जन मकानों में तोड़फोड़ कर दो मकानों और दो बाइक को आग के हवाले कर दिया। इससे बस्ती में माहौल तनावपूर्ण हो गया। ग्रामीणों के हुजूम को देखकर कंजर समाज के पुरुष भाग छूटे जबकि महिलाओं और बच्चों के साथ ग्रामीणों ने बदसलूकी की। सूचना पर अमरगढ़ चैकी से पुलिसकर्मी वहां पहुंचे। मुठ्ठीभर पुलिसकर्मी ग्रामीणों की भीड़ के आगे असहाय हो गई। उसके बाद जिला मुख्यालय समेत आसपास के आधा दर्जन थानों से जाब्ता वहां पहुंचा। पुलिस व प्रशासन के आला अधिकारी भी वहां पहुंचे। उसके बाद स्थिति पर काबू पाया। पुलिस ने मौके से भागते एक दर्जन ग्रामीणों को हिरासत में ले लिया। घटना को देखते हुए खजूरी में बाजार बंद कर दिए गए। जानकारी के अनुसार खजूरी में मंगलवार रात दो मकानों में चोरी हो गई। यहां से ताला तोड़कर सत्तर हजार की नकदी समेत लाखों के गहने ले गए। सुबह इसकी भनक लगने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण ट्रैक्टर में भरकर हाथों में लाठियां लेकर रजवास गांव पहुंचे। वहां कंजर बस्ती पर धावा बोल दिया। ग्रामीणों के हुजूम ने कंजरों के घरों में तोड़फोड़ करना शुरू कर दिया। इससे पुरुष घर छोड़कर भाग छूटे। महिलाओं और बच्चों ने कोहराम मचा दिया। गुस्साए ग्रामीणों ने दो घरों में आग लगा दी तथा बाहर रखी दो मोटरसाइकिल को भी जला दिया। बस्ती पर करीब आधा घण्टे तक ताण्डव किया गया। सूचना पर अमरगढ़ चैकी से तीन पुलिसकर्मी वहां पहुंचे लेकिन भीड़ को देखकर वह भी भयभीत हो गए। ऐसे में उन्होंने उच्चाधिकारियों को घटनाक्रम की जानकारी दी। इसके बाद शाहपुरा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेश चीता, पुलिस उपाधीक्षक रामेश्वर प्रतिहार, शक्करगढ़ थानाप्रभारी दशरथसिंह समेत पण्डेर, फूलियाकलां, शाहपुरा, जहाजपुर व हनुमाननगर के साथ जिला मुख्यालय पुलिस लाइन से भी बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी वहां पहुंचे। ग्रामीणों ने बस्ती को तहस-नहस कर दी। पुलिस अधीक्षक प्रदीप मोहन शर्मा और जहाजपुर उपखण्ड अधिकारी करतार सिंह भी वहां पहुंचे। इस दौरान एक ट्रैक्टर में भाग रहे एक दर्जन से अधिक ग्रामीणों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया जिनको जहाजपुर थाने ले जाया गया। पकड़े गए ग्रामीणों को छुड़ाने के लिए खजूरी से भी बड़ी संख्या में ग्रामीण ट्रैक्टरों में सवार होकर जहाजपुर पहुंचे। उपखण्ड कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप था कि पुलिस चोरों पर अंकुश नहीं लगा पा रही थी।