शनिवार, 22 सितंबर 2018

भाजपा नेता और खनन व्यवसायी का बोलेरो में मिला हाथ-पैर बंधा शव

खबर - पंकज पोरवाल 
भीलवाड़ा। जिले के मांडलगढ़ भाजपा ग्रामीण मंडल के उपाध्यक्ष और खनन व्यवसायी चुन्नीलाल जोशी की अज्ञात लोगों ने चाकू से गोदकर हत्या कर दी। उनका शव आज मेनाल-जोगणियां माता के बीच जंगल में खड़ी मिली उन्हीं की बोलेरो में मिला। मृतक के हाथ-पैर लच्छे से बंधे थे। वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना चित्तौड़गढ़ जिले के बेगूं थाना इलाके की बताई जा रही। मांडलगढ़ पुलिस सूत्रों के अनुसार, लाडपुरा निवासी व मांडलगढ़ के भाजपा ग्रामीण मंडल उपाध्यक्ष चुन्नीलाल जोशी (55) खनन व्यवसायी भी थे। जोशी, गुरुवार देर शाम 6-7 बजे के बीच घर से मेनाल की ओर जाने की बात कहकर निकले थे, जो लौटकर नहीं आये। इससे परिजन चिंतित हो गये। इसके बाद से पुलिस व परिजन जोशी की तलाश में जुटे थे। आज सुबह तलाश के दौरान जोशी की बोलेरो मेनाल-जोगणिया माता मार्ग पर लावारिस हालत में खड़ी मिली। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। बोलेरो में जोशी का शव पड़ा था। उनके हाथ-पैर लच्छे से बंधे थे। प्रथमदृष्टया चाकू से गोदकर हत्या की बात कही जा रही है। उधर, जोशी के कत्ल की सूचना पर बेगूं व मांडलगढ़ पुलिस के साथ ही आला अधिकारी व बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गये। पुलिस ने रावतभाटा से एफएसएल टीम को बुलवाया है। इस टीम के आने के बाद ही पुलिस आगे छानबीन करेंगी। वहीं दूसरी ओर यह बात भी सामने आई है कि घर से निकलने से पहले जोशी के फोन पर काॅल आई थी। माना जा रहा है कि इसी काॅल के चलते जोशी घर से निकले थे। अभी यह पता नहीं चल पाया कि जोशी के फोन पर काॅल किसने किया। उनकी हत्या किसने और क्यूं की। प्रारंभिक जांच में यह बात भी सामने आई है कि जोशी ने जोगणियां माता में एक दुकान से सिगरेट भी खरीदी। ऐसे में पुलिस अब वहां लगे सीसी टीवी कैमरे की फुटेज खंगाल कर कातिलों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।



Share This