शनिवार, 29 सितंबर 2018

कांग्रेस राज में बनी इंदिरा आवास योजना के खंडहर प्रदेश में हर जगह नजर आ जाएंगे: राजेे

खबर - पंकज 
सीएम ने सवाईभोज में भगवान देवनारायण का आशीर्वाद लेकर जनसभा में गिनाई उपलब्धियां
 भीलवाड़ा। मुख्यमंत्री वसुुंधरा राजेे ने कहा कि कांग्रेस राज में बनी इंदिरा आवास योजना के खंडहर प्रदेश में हर जगह नजर आ जाएंगे। लेकिन प्रधानमंत्री आवास योजना में जो मकान बनाकर दिये जा रहे हैं वे रहने लायक है। शौचालय बनवाकर दिये हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं को धुएं से मुक्ति के लिए गैस कनेक्शन भी उपलब्ध कराएं। मुख्यमंत्री शनिवार को आसींद में जनसभा को संबोधित कर रही थी। उन्होंने कहा कि सुबह से उन्हें संतों के ही दर्शन हैं। इस पावन धरा पर भगवान देवनारायण के दर्शन हुए। उन्होंने सवाईभोज मंदिर में भी पनोरमा बनाने का वायदा किया था, जिसे पूरा किया है। इस मौके पर उन्होंने महंत भूदेवदासजी को भी नमन किया। इस मौके पर उन्होंने छोटा पुष्कर के प्रेम सागर के लिए दो करोड़ रुपए की सहायता राशि की घोषणा की। वसुंधरा ने कहा कि शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए हमने कई काम किएं हैं। पहले प्रदेश 26 वें स्थान पर था जो अब दूसरे स्थान पर है। चिकित्सा क्षेत्र पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने 50 सालों में 7 मेडिकल कॉलेज खोले हैं और हमने पांच साल में ही सात मेडिकल कॉलेज खोल दिए हैं। अगर कांग्रेस इस तरह काम करती तो चिकित्सकों की कमी नहीं होती। उन्होंने कहा कि आने वाले कुछ सालों में प्रदेश में चिकित्सकों की कमी नहीं रहेगी। उन्होंने कहा कि पेट्रोल और डीजल पर पहली बार चार प्रतिशत वेट घटा कर किसानों और आमजन को राहत दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के लोग चुनाव से पहले कहीं दिखाई नहीं देते थे अब नजर आने लगे हैं। उनसे पूछना चाहिऐ कि वे इतने समय कहां थे। अब मीडिया वालों को ढूंढ कर चले जाते थे।
तीन घंटे देरी से पहुंची
 मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे अपने निर्धारित कार्यक्रम से तीन घंटे विलंब से सभास्थल पर पहुंची, लेकिन हजारों लोग उनके स्वागत के लिए आतूर नजर आये। पांडाल से बाहर भी बड़ी संख्या में लोग जमा थे। मुख्यमंत्री के सभास्थल पहुंचने के साथ ही उनका चुनरी ओढ़ाकर गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया। वहीं मुख्यमंत्री ने हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन किया। इससे पूर्व मुख्यमंत्री का हैलीपेड पहुंचने पर भाजपा जिलाध्यक्ष दामोदर अग्रवाल, सांसद सुभाष बहेडिया, विधायक विट्लशंकर अवस्थी, प्रभारी पुखराज पहाडिया आदि ने स्वागत किया।
सवाईभोज के किए दर्शन

 सीएम वसुंधरा राजे सवाईभोज मंदिर के नजदीक बने हैलीपेड से सीधे मंदिर पहुंची। जहां राजे ने दर्शन किये। यहां से राजे सभास्थल के लिए रवाना हो गई।
देव डूंगरी मालासेरी में अगले माह तक पनोरमा
 मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने कहा कि देव डूंगरी मालासेरी में अगले माह तक पनोरमा तैयार हो जाएगा। उन्होंने कहा कि करोड़ों रुपए की लागत से बनाये गये इस पनोरमा से क्षेत्र के ही नहीं बल्कि बाहरी लोगों को भी सुविधायें मिलेगी और इसे आगे बढ़ाने के प्रयास किये जाएंगे।
शहीदों को किया नमन
इस मौके पर शहीदों को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा मैने देवली में शहीद के स्तंभ पर दीपक जलाया है। आप सभी को दीपक जलाने की जरुरत है।
स्कूली छात्राएं हुईं मुख्यमंत्री से निराश, इस तरह लौटाई चेहरे की मुस्कान
गौरव यात्रा के दौरान के दहिमथा में मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की सभा में दो छात्राओं को स्कूटी वितरण के लिए बुलाया। मुख्यमंत्री ने अन्य लाभार्थियों को तो मंच पर बुलाया पर छात्राओं को स्कूटी वितरण करना भूल गईं, तो निराश छात्राओं ने अधिकारियों से ये बात कही। जिसके बाद मुख्यमंत्री को सभा स्थल से जाते जाते वापिस बुलाया और छात्रों को स्कूटी वितरण की। इससे पूर्व आसीन्द में कुछ महिलाओं ने हाइवे के कारण मकान तोड़ने का विरोध किया। वे रोने लगीं। सीएम ने कलेक्टर को बुलाया और समस्या का समाधान करने को कहा।
चांदी का मुकुट लौटाया
  मुख्य सचेतक की ओर से चांदी का मुकुट भेंट किए जाने पर मुख्य मंत्री ने मुख्य सचेतक को मुकुट वापिस लौटाया। सीएम ने कहा कि इसे करेड़ा के काला जी देव स्थान पर चढ़ाएं। 


Share This