शनिवार, 15 जून 2019

लगता है कि राजस्थान में कानून व्यवस्था नहीं बची है -गहलोत सरकार पर बरसी राजे


खबर - प्रशांत गौड़ 
  वसुंधरा का एयरपोर्ट पर भव्य स्वागत 
-बीजेपी सरकार के जाते ही प्रदेश के हाल बिगड़े 
जयपुर।  पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वसुंधरा राजे के शनिवार सुबह जयपुर एयरपोर्ट पहुंचने पर बड़ी संख्या में मौजूद कार्यकर्ताओं की ओर से भव्य स्वागत किया गया। राजे ने कहा कि बीजेपी शासन से क्या गई अब हर जगह प्रदेश मेें समस्या नजर आने लगी है। जनता की सुनवाई नहीं  हो पा रही है।
राजे ने गहलोत सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य की कानून व्यवस्था ठप्प हो चुकी है। महिला उत्पीडऩ के बढ़ते लगातार मामले प्रदेश को शर्मसार कर रहे है। अपराधी बेखौफ है। बजरी माफिया का आंतक दिख रहा है। राजे ने कहा कि छ माह में ही हालात इतने बदल गए कि प्रदेश में हर तरफ अराजकता का माहौल है। बेटियों के साथ जघन्य अपराध की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रहीं। अखबारों में रोज छप रही घटनाओं से हर कोई सहमा हुआ है। लगता है जैसे राजस्थान में सरकार व कानून व्यवस्था कहीं बची ही नहीं है।अंता बारां में युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना इंसानियत को शर्मसार करने वाली है।
अब सहमी है बेटियां 
 कांग्रेस सरकार के 6 महीनो में ही हमारी बेटियां घर से बाहर निकलने से डरने लगी हैं। वसुंधरा ने सीएम अशोक गहलोत से पूछा कि क्या कांग्रेस का ये ही सुशासन है, हर तरफ अपराध है। किसान बेहाल है। बेराजगार हताश है।
उन्होंने गहलोत सरकार पर ग्रामीण विकास की उपेक्षा करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि गहलोत सरकार के पास कोई विजन नहीं है।

Share This