बुधवार, 1 मार्च 2023

“पोदार कॉलेज के गणित विभाग में शून्य पर समूह चर्चा ”


नवलगढ़
-दी आनन्दीलाल पोदार ट्रस्ट नवलगढ़ द्वारा संचालित सेठ जी.बी. पोदार कॉलेज के गणित विभाग द्वारा  प्राचीन व आधुनिक गणित में शून्य का योगदान विषय पर सामूहिक चर्चा विज्ञान दिवस पर हुई ।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पोदार ट्रस्ट के सी.ओ.ओ. श्री प्रतीक प्राशर, अध्यक्षता प्राचार्य डॉ. सत्येन्द्र सिंह ने की  तथा विशिष्ट अतिथि उप प्राचार्य डॉ. विनोद कुमार सैनी व प्रो. चेतन दाधीच विभागाध्यक्ष रसायन विभाग रहे। कार्यक्रम का शुभारम्भ परम्परा अनुसार माँ सरस्वती के सम्मुख दीप प्रज्जवलन व माल्यार्पण द्वारा हुआ। 

प्राचार्य डॉ. सिंह ने सर्वप्रथम विद्यार्थियों को बताया कि आज का दिन विज्ञान दिवस के रूप में सम्पूर्ण भारत वर्ष में मनाया जाता है तथा विज्ञान गणित के आभाव में नहीं समझा जा सकता है।

समूह चर्चा में कॉलेज के लगभग 92 विद्यार्थियों ने भाग लिया तथा शून्य का आधुनिक व प्राचीन गणित में योगदान पर अपने अपने विचार प्रस्तुत किए।

गणित विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. विद्याधर शर्मा ने बताया कि गणित में शून्य को प्रथम अंक केवल स्थान की दृष्टि से ही माना जाता है, परन्तु गणना की दृष्टि से प्रथम अंक एक ही होगा।

रसायन विभाग के विभागाध्यक्ष ने बताया कि मानव इतिहास में शून्य का उपयोग लगभग 5 हजार वर्षों से हो रहा है तथा वेदों के अनुसार शून्य की उत्पत्ति बहुत प्राचीन है।

इस अवसर पर पोदार ट्रस्ट के चेयरमैन श्री राजीव के. पोदार, ट्रस्टी सुश्री वेदिका पोदार अधिशाषी निदेशक श्री एम.डी. शानभाग ने बताया कि इस प्रकार की समूह चर्चा से विद्यार्थियों में तर्क शक्ति बढती है तथा इस प्रकार के समूह चर्चा विद्यार्थियों के सर्वंगीण विकास में सहायक है।




Share This