मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने घोषणा की कि शेखावाटी अंचल को मिलने वाले यमुना जल का इंतजार अब जल्द ही समाप्त होगा। इस जल समझौते के क्रियान्वयन के लिए केंद्रीय जलशक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी के साथ चर्चा पूरी हो चुकी है।
मुख्यमंत्री शर्मा ने बताया कि इस समझौते की जल्दी क्रियान्विति के लिए राजस्थान और हरियाणा के अधिकारियों की एक संयुक्त कार्यबल (ज्वाइन्ट टास्क फोर्स) बनाई जाएगी, जो डीपीआर (डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट) पर काम करेगी।
मुख्यमंत्री ने इसे दोनों राज्यों के लिए एक सकारात्मक समझौता बताया, जिससे शेखावाटी अंचल के किसानों को यमुना जल मिलेगा, जो लंबे समय से इसका इंतजार कर रहे थे।
इस अवसर पर, मुख्यमंत्री शर्मा ने केंद्रीय जलशक्ति मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जल जीवन मिशन और नदियों को जोड़ने की दिशा में किए गए कार्यों से राजस्थान सहित पूरे देश में जल संकट की समस्या का समाधान होगा।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने भी इस समझौते को एक सकारात्मक कदम बताया, जिसमें हरियाणा से अतिरिक्त पानी राजस्थान को मिलेगा।