बलवन्तपुरा- सरस्वती स्कूल बलवन्तपुरा के कक्षा 12 के छात्र पवित्र जांगिड़ पुत्र किशोर कुमार जांगिड़ निवासी परसरामपुरा का 17 वर्ष छात्र क्रिकेट में नेशनल स्तर के कैम्प के लिए चयन हुआ है। विद्यालय निदेशक बीरबल सिंह गोदारा ने बताया कि पवित्र ने राज्य स्तर पर जिले का प्रतिनिधित्व किया व झुंझुनूं जिले की टीम का कप्तान रहा। पूर्व में राउमावि लाछड़सर चुरू में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में पवित्र ने शानदार प्रदर्शन किया जिसके आधार पर नेशनल कैम्प के लिए चयन हुआ है। खिलाड़ियों का पूर्व प्रशिक्षण शिविर 19.04.2026 से 22.04.2026 तक राउमावि लाछड़सर में आयोजित होगा। वहाँ चयन परीक्षण से गुजरने पर वह नेशनल स्तर पर राज्य का प्रतिनिधित्व करके राजस्थान का नाम रोशन करेगा। निदेशक बीरबल सिंह गोदारा ने पवित्र, उसके माता-पिता, खेल प्रशिक्षकों व सभी स्टाफ को बधाई दी।
विद्यालय प्रधानाचार्य हेमन्त दाधीच ने बताया कि विद्यालय पढ़ाई के साथ-साथ खेल क्षेत्र में भी अच्छा प्रदर्शन कर नया रिकॉर्ड बनाया है। पवित्र ने कक्षा 10 व 12 विज्ञान में 95 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किये हैं साथ ही क्रिकेट में नेशनल स्तर पर चयन करवाकर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। इस उपलिब्ध से यह साबित होता है अच्छा माहौल व सही मार्गदर्शन मिले तो खेल के साथ पढ़ाई में भी बेहतर प्रदर्शन किया जा सकता है।
विद्यालय प्रसाशनिक अधिकारी कीर्तिमान गोदारा ने बताया कि इस सत्र में एसजीएफआई द्वारा आयोजित स्कूली गेम्स में विद्यालय के 82 विद्यार्थियों ने विभिन्न खेलों में राज्य स्तर पर भाग लिया है। विद्यालय द्वारा प्रत्येक छात्र की रूचि देखते हुए पढ़ाई के साथ-साथ उसे विभिन्न पाठ्येतर गतिविधियों में भाग लेने का मौका दिया जाता है। इसके लिए विभिन्न खेल प्रशिक्षक, संगीत अध्यापक, आर्ट टीचर की उपलब्धता के साथ ही सभी प्रकार की सुविधाएँ प्रदान की जा रही हैं जिसके फलस्वरूप विद्यार्थी पढ़ाई के साथ-साथ अन्य क्षेत्रों में भी नाम रोशन कर रहे है। गौरतलब है कि इस वर्ष विद्यालय ने जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिता में 23 ट्रॉफी जीती, जिसमें 6 में विजेता, 10 में उपविजेता व 7 में तृतीय स्थान पर रहा है।
चयन की सूचना से विद्यालय में खुशी का माहौल रहा।
