मोतीपुरा गांव में काम नहीं होने पर भड़के शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री,ग्राम पंचायत के कार्यों की जांच के लिए समिति गठित करने के निर्देश
रामगंजमंडी। शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर द्वारा अपने विधानसभा क्षेत्र में निकाली जा रही सेवा संकल्प एवं स्वच्छता अभियान पदयात्रा के दूसरे दिन आज गांव मोतीपुरा खुर्द में पदयात्रा के पहुंचने पर काम पूरा नहीं होने पर मंत्री मदन दिलावर नाराज हो गए और ग्राम पंचायत के विकास अधिकारी व अन्य अधिकारियों की क्लास लगा दी।
हुआ यू की सभा के दौरान मंत्री मदन दिलावर ग्राम पंचायत मोतीपुरा खुर्द में कराए गए विकास कार्यों की सूची पढ़कर सुना रहे थे। मंत्री दिलावर ने बताया कि ग्राम मोतीपुरा में राजाराम के मकान से हंसराज मेहर के मकान तक इंटरलॉकिंग खंरजा में नाली निर्माण 5 लाख की लागत से कर दिया गया है। साथ ही भोजराज के मकान से सुंदरलाल मैहर के मकान तक इंटरलॉकिंग खंरजा में निर्माण राशि 5 लाख रुपए से किया गया है। यह सुनते ही ग्रामीणों ने कहा कि अभी तक कोई काम नहीं हुआ है। मंत्री ने तुरंत ग्राम विकास अधिकारी को बुलाकर उससे काम की जानकारी ली तो बताया गया कि काम पूरा हो गया है और भुगतान भी कर दिया गया है।
इस पर मंत्री भड़क गए की काम हुआ नहीं तो भुगतान कहां हो गया। मंत्री को आग बबूला होते देखा ग्राम पंचायत के विकास अधिकारी ने कहा कि यह काम दूसरी जगह हुआ है। इस पर मंत्री ने कहा कि ऐसा कैसे हो सकता है तुम झूठ बोल रहे हो। काम हुआ नहीं और पैसे का भुगतान भी हो गया। उन्होंने तुरंत अपने निजी सहायक को निर्देश दिए की पत्र बनाकर प्रदेश स्तर से इसकी जांच समिति गठित करने के लिए लिखे। पूरे मामले की जांच कराऊंगा और जो भी अधिकारी दोषी होगा उससे पाई पाई वसूल लूंगा। चाहे फिर उस अधिकारी की पूरी संपत्ति ही क्यों ना बेचनी पड़े ?
मंत्री मदन दिलावर ने कहा कि हम गांव में काम की घोषणा करके जाते हैं उसके पैसे भी जारी कर देते हैं लेकिन यह अधिकारियों की वजह से काम नहीं हो रहा है और जनता में संदेश जाता है कि हम झूठी घोषणा कर रहे हैं। मंत्री मदन दिलावर ने कहा कि वह तो मैं लगातार गांव वालों के बीच में आता रहता हूं इसलिए मेरी जानकारी में भी आ गया यदि मैं यहां नहीं आऊं तो मुझे पता भी नहीं चले कि अधिकारी क्या गुड गोबर कर रहे हैं।
शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने ग्राम पंचायत हथिया खेड़ी में स्वीकृत विभिन्न योजनाओं के तहत विकास कार्यों की संपूर्ण जांच करने के लिए प्रदेश से ही समिति गठन करने के अधिकारियों को आदेश दे दिए हैं। शीघ्र ही समिति यहां आकर ग्राम पंचायत हथिया खेड़ी की संपूर्ण जांच करेगी।
ग्रामीणों ने मंत्री मदन दिलावर को गांव में पेयजल की समस्या होने की भी शिकायत की जिस पर दिलावर ने जलदाय विभाग के अधिशासी अभियंता अंकित सारस्वत को बुलाकर पूरे मामले की जानकारी ली।
अधिशासी अभियंता के कहने के अनुसार मंत्री मदन दिलावर ने मोतीपुरा खुर्द गांव में 3 दिन बाद पेयजल आपूर्ति शुरू होने के निर्देश दिए।
मंत्री ने ग्रामीणों को अपना निजी मोबाइल नंबर नोट करवाते हुए कहा कि यदि तीन दिन बाद पीने का पानी पाइप लाइन में नहीं आए तो मुझे इस नंबर पर फोन कर देना मैं अधिकारियों को देख लूंगा।
इसके बाद मंत्री मदन दिलावर की पदयात्रा पट्टी खेड़ा हनुमान जी की तरफ आगे बढ़ गई।
पदयात्रा में शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर के साथ उप जिला प्रमुख कृष्ण गोपाल अहीर , भाजपा चेचट मंडल अध्यक्ष हंसराज रायका, भाजपा मंडाना मंडल अध्यक्ष नंदलाल मेघवाल, भाजपा चेचट मंडल प्रतिनिधि गौरी शंकर महात्मा, भाजपा जिला प्रवक्ता श्रीमती वर्षा जैन, नितिन शर्मा, महावीर अग्रवाल,अतुल शर्मा,बिट्टू शर्मा सहित अन्य भाजपा नेता कार्यकर्ता व विभिन्न विभागों की अधिकारी कर्मचारी साथ चल रहे हैं।
सी सी सड़क निर्माण के लिए 10 लाख दिए-- शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर की सेवा संकल्प एवं स्वच्छता अभियान पदयात्रा आज पट्टी खेड़ा हनुमान मंदिर पहुंची। मंदिर में बालाजी महाराज के दर्शन करने के बाद मंत्री ने ग्रामीणों को संबोधित किया। ग्रामीणों की मांग पर मंत्री मदन दिलावर ने श्री पट्टी खेड़ा हनुमान जी के मैंन गेट से राम दरबार तक सीसी रोड एवं तकली नदी घाट एवं सौंदर्य कारण एवं शौचालय व स्नानागार बनाने के लिए कुल 10 लाख रुपए अपने विधायक कोष से देने की घोषणा की।
